पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने दुनिया को एक कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि पाकिस्तान अब एक ‘जिम्मेदार’ राष्ट्र की पहचान बना चुका है। उनका दावा है कि मुल्क न केवल अपनी हिफाजत का दम रखता है, बल्कि आज वह ‘वैश्विक शांति और स्थिरता के रक्षक’ के रूप में उभरा है। ‘मारका-ए-हक’ की पहली बरसी पर शनिवार देर रात जारी एक आधिकारिक संदेश में शरीफ ने सशस्त्र बलों के शौर्य की जमकर सराहना की। बता दें कि पाकिस्तान ने पिछले वर्ष भारत के साथ हुए चार दिनों के सैन्य गतिरोध को ‘मारका-ए-हक’ का नाम दिया था। यह तनाव तब चरम पर पहुंचा था जब पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने 6-7 मई की रात को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का आगाज किया था।
इस सैन्य कार्रवाई के तहत भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान और पीओके में स्थित नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था, जिसमें कम से कम 100 आतंकवादी मारे गए थे। इस हमले के बाद दोनों देशों के बीच युद्ध जैसी स्थिति पैदा हो गई थी। पाकिस्तान ने जवाबी प्रहार की कोशिशें कीं, लेकिन भारतीय सेना ने उनमें से अधिकांश को सफलतापूर्वक विफल कर दिया। अंततः, 10 मई को दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों के बीच हॉटलाइन पर हुई चर्चा के बाद सैन्य कार्रवाइयों को रोकने पर सहमति बनी और संघर्ष थमा। शहबाज शरीफ ने कहा कि थल, जल, नभ और साइबर जगत में पाकिस्तानी सेना के समन्वित जवाब ने देश की रक्षा क्षमताओं और राष्ट्रीय संकल्प को नई मजबूती दी है। उन्होंने चेतावनी दी कि पाकिस्तान के खिलाफ किसी भी आक्रामकता का ‘तत्काल, सटीक और हर स्तर पर’ कड़ा जवाब दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान अब एक ऐसा जिम्मेदार राष्ट्र है, जो अपनी सीमाओं की रक्षा के साथ-साथ वैश्विक शांति की गारंटी देने वाली शक्ति बन गया है। उन्होंने अमेरिका-ईरान तनाव के दौरान पाकिस्तान की मध्यस्थता का उल्लेख करते हुए कहा कि हिंसा रोकने के उनके प्रयासों की वैश्विक स्तर पर प्रशंसा हुई है। शरीफ ने दोहराया कि पाकिस्तान संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जारी रखेगा। सुरक्षा हालातों पर चर्चा करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि आतंकवाद के खिलाफ अभियान और सीमाओं पर सतर्कता में कोई कमी नहीं आएगी। कश्मीर मुद्दे को दक्षिण एशिया की स्थिरता की धुरी बताते हुए उन्होंने इसे शांति के लिए अनिवार्य बताया। सोशल मीडिया पर अपनी एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने ‘मारका-ए-हक’ को पाकिस्तान की संप्रभुता, राष्ट्रीय सम्मान और अटूट एकता का प्रतीक करार दिया।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
