AMN. आज सुबह आम आदमी को महंगाई का झटका लगा. गैस के दाम में बढ़ोतरी के बाद अब देश में पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए गए हैं. सरकारी तेल कंपनियों ने आज सुबह ईंधन के नए रेट जारी करते हुए पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया है. नई कीमतें लागू होने के बाद आज से आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है. कीमतों में बढ़ोतरी के कारण राजस्थान की राजधानी जयपुर में आज पेट्रोल की कीमत 107.97 रुपये प्रति लीटर हो गई है.
यहां डीजल का रेट 93.23 पर पहुंच गया है. अब राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है. वहीं डीजल की कीमत 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गई है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव को देखते हुए सरकारी तेल कंपनियों ने आज यह बड़ा कदम उठाया है.
ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध शुरू होने से पहले कच्चे तेल की कीमत 70 डॉलर थी, जो अब बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है. कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने से सरकारी तेल कंपनियां दबाव में थीं. इसलिए कंपनियों ने घाटे की भरपाई के लिए पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं. अगर कच्चे तेल की कीमतें लंबे समय तक ऊंची बनी रहीं तो दोनों ईंधन की कीमतें और बढ़ सकती हैं।
देश के महानगरों में आज ये हैं कीमतें
आज दिल्ली में पेट्रोल 97.77, डीजल 90.67, मुंबई में पेट्रोल 106.50, डीजल 93.03, कोलकाता में पेट्रोल 108.74, डीजल 95.13, चेन्नई में पेट्रोल 103.67 और डीजल 95.25 रुपये प्रति लीटर है.
पीसी: लाइवमिंट
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
