नई दिल्ली: आईडीएफसी फर्स्ट बैंक का ऐतिहासिक प्रदर्शन, मुनाफे में 132% की रिकॉर्ड छलांग!
निजी क्षेत्र के दिग्गज आईडीएफसी फर्स्ट बैंक ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में अब तक का अपना सबसे शानदार प्रदर्शन किया है। अप्रैल-जून 2026 तिमाही के दौरान बैंक का शुद्ध लाभ 132.4 प्रतिशत की भारी बढ़त के साथ 1,075 करोड़ रुपये के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया है। बैंक ने शनिवार को शेयर बाजार को अपने इन धमाकेदार नतीजों की आधिकारिक जानकारी दी।
पिछले साल की इसी समान तिमाही में बैंक का मुनाफा महज 463 करोड़ रुपये था। बैंक के कारोबार विस्तार की बात करें तो 30 जून, 2026 तक इसका कुल ग्राहक कारोबार 18.6 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 6,04,776 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो एक वर्ष पहले 5,10,031 करोड़ रुपये था। बैंक की ऋण एवं अग्रिम राशि में भी 20.6 प्रतिशत की मजबूती आई है, जो पिछले वर्ष के 2,53,233 करोड़ रुपये से बढ़कर अब 3,05,370 करोड़ रुपये हो गई है।
बैंक की वित्तीय सेहत (एसेट क्वालिटी) में भी जबरदस्त सुधार देखने को मिला है। ग्रॉस एनपीए (NPA) अनुपात 1.97 प्रतिशत से घटकर अब 1.51 प्रतिशत पर आ गया है, जबकि नेट एनपीए भी 0.55 प्रतिशत से सुधरकर मात्र 0.44 प्रतिशत रह गया है। इस दौरान बैंक का शुद्ध ब्याज मार्जिन (NIM) भी 5.71 प्रतिशत से बढ़कर 5.96 प्रतिशत हो गया है, जो बैंक की बढ़ती लाभप्रदता का स्पष्ट संकेत है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


