भारत का बागवानी उत्पादन 2025-26 में रिकॉर्ड 38.69 करोड़ टन तक पहुंचने का अनुमान

By
Aware Media Network
Aware Media Network एक स्वतंत्र डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो देश-दुनिया की महत्वपूर्ण खबरें, विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारी...
- News Desk
4 Min Read
भारत का बागवानी उत्पादन 2025-26 में रिकॉर्ड 38.69 करोड़ टन तक पहुंचने का अनुमान
india horticulture production projected at record 38 point 69 crore tonnes in 2025 26

खेती-किसानी के लिए खुशखबरी: रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचेगा भारत का बागवानी उत्पादन, जानिए आंकड़े

भारत का बागवानी उत्पादन फसल वर्ष 2025-26 (जुलाई-जून) में 4.36 प्रतिशत बढ़कर 38.69 करोड़ टन रहने का अनुमान है। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को सरकार का तीसरा अग्रिम अनुमान जारी किया। यह उत्पादन 2024-25 में दर्ज 37.07 करोड़ टन से 1.61 करोड़ टन अधिक होगा।

कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने कहा कि बागवानी फसलों का रकबा एक साल पहले के 3.01 करोड़ हेक्टेयर से घटकर करीब 2.97 करोड़ हेक्टेयर रहने के बावजूद उत्पादन बढ़ने का अनुमान है। ये आंकड़े राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और अन्य सरकारी एजेंसियों से मिले आंकड़ों पर आधारित हैं। चौहान ने उत्पादन में वृद्धि का श्रेय किसानों और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार की नीतियों को दिया।

उन्होंने कहा कि किसान पारंपरिक फसलों से हटकर फल, सब्जियां, फूल, मसाले, बागान फसलों और औषधीय पौधों की खेती की ओर बढ़ रहे हैं। कृषि मंत्री ने कहा, ‘‘व्यावसायिक और नकदी फसलों की ओर यह बढ़ता रुझान न केवल किसानों के लिए आय के नए स्रोत खोल रहा है, बल्कि कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और प्रगति के नए अवसर भी पैदा कर रहा है।’’
उन्होंने कहा कि उत्पादन का यह रिकॉर्ड न केवल देश की पोषण सुरक्षा को मजबूत करेगा, बल्कि बागवानी करने वाले किसानों की आय भी सीधे तौर पर बढ़ाएगा। फल उत्पादन 2025-26 में 4.60 प्रतिशत बढ़कर 12.30 करोड़ टन रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष 11.76 करोड़ टन था।

इसमें 54.2 लाख टन की वृद्धि होगी। केले, आम, पपीता, सेब, अनार और कटहल के उत्पादन में बढ़ोतरी से इसमें मदद मिलेगी। सब्जियों का उत्पादन 4.35 प्रतिशत बढ़कर 22.72 करोड़ टन रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष 21.78 करोड़ टन था।

इसकी खेती का रकबा बढ़कर 1.19 करोड़ हेक्टेयर होने का अनुमान है, जो एक साल पहले 1.17 करोड़ हेक्टेयर था। आलू का उत्पादन 11.95 प्रतिशत बढ़कर 6.55 करोड़ टन रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष 5.85 करोड़ टन था। टमाटर का उत्पादन 2.06 करोड़ टन से बढ़कर 2.14 करोड़ टन रहने का अनुमान है।

प्याज का उत्पादन 2.89 करोड़ टन रहने का अनुमान है। फूलों का उत्पादन करीब 14.45 प्रतिशत बढ़कर 48.8 लाख टन रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष 42.7 लाख टन था। फूलों की खेती का रकबा बढ़कर 41 लाख हेक्टेयर होने का अनुमान है।

सुपारी, नारियल, काजू, पान और कोको सहित बागान फसलों का उत्पादन 7.56 प्रतिशत बढ़कर 1.82 करोड़ टन रहने का अनुमान है। सुगंधित व औषधीय पौधों का उत्पादन पिछले वर्ष के नौ लाख टन से बढ़कर 9.3 लाख टन रहने का अनुमान है। सुपारी एवं मसाला विकास निदेशालय के आंकड़ों के अनुसार, 2025-26 में मसालों का रकबा बढ़कर 47.6 लाख हेक्टेयर होने का अनुमान है।

हल्दी, लहसुन, करी पत्ते और इलायची की बेहतर पैदावार से मसालों का उत्पादन 1.23 करोड़ टन रहने का अनुमान है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Share This Article
Follow:
Aware Media Network एक स्वतंत्र डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो देश-दुनिया की महत्वपूर्ण खबरें, विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारी संपादकीय टीम विश्वसनीय स्रोतों, आधिकारिक आंकड़ों और पत्रकारिता के नैतिक सिद्धांतों के आधार पर समाचार तैयार करती है।Aware Media Network का उद्देश्य निष्पक्ष, सटीक और समय पर जानकारी प्रदान करना है, ताकि पाठक जागरूक निर्णय ले सकें और समसामयिक घटनाओं को बेहतर ढंग से समझ सकें।
कोई टिप्पणी नहीं

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *