ट्रेन के सफर में अब मिलेगा पसंदीदा जायका: स्विगी का ‘फूड ऑन ट्रेन’ नेटवर्क पहुंचा 152 स्टेशनों पर
रेल यात्रा अब और भी जायकेदार होने वाली है! क्विक कॉमर्स की दिग्गज कंपनी स्विगी और भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने मिलकर अपनी ‘फूड ऑन ट्रेन’ सेवा का देशभर के 152 स्टेशनों तक विस्तार कर दिया है। महज एक साल के भीतर हासिल की गई यह उपलब्धि यात्रियों के बीच बढ़ते विभिन्न व्यंजनों के क्रेज को दर्शाती है। पिछले साल तक यह सेवा सिर्फ 70 स्टेशनों तक सीमित थी।
स्विगी ने बृहस्पतिवार को इस सफलता की जानकारी देते हुए बताया कि कंपनी अब बड़े जंक्शनों के साथ-साथ क्षेत्रीय केंद्रों जैसे इटारसी (मध्य प्रदेश), तिरुनेलवेली (तमिलनाडु) और खड़गपुर (पश्चिम बंगाल) पर अपनी पकड़ मजबूत कर रही है। आंकड़ों के लिहाज से देखें तो स्विगी के नेटवर्क में 117 प्रतिशत का उछाल आया है। फरवरी 2025 में जहां यह सेवा 70 स्टेशनों पर थी, वहीं फरवरी 2026 तक इसे 152 स्टेशनों तक पहुंचा दिया गया है।
त्योहारों की खुशी को दोगुना करने के लिए कंपनी ने 28 फरवरी से 8 मार्च तक यात्रियों के लिए खास ‘होली स्पेशल’ भोजन उपलब्ध कराने की घोषणा की है। इसके साथ ही एक ऐसा ‘ट्रेन-अनुकूल’ मेन्यू तैयार किया गया है जो गति और सुविधा के मामले में यात्रियों की उम्मीदों पर खरा उतरता है।
स्विगी में खाद्य रणनीति और ग्राहक अनुभव के उपाध्यक्ष दीपक मालू ने इस विस्तार पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, “होली के इस शुभ अवसर पर यह देशव्यापी विस्तार यात्रियों के लिए एक बड़ा तोहफा है। हमारा लक्ष्य प्रमुख जंक्शनों से लेकर इटारसी और खड़गपुर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रीय ट्रांजिट हब तक अपनी पहुंच बनाकर यात्रियों को भोजन में विविधता प्रदान करना है।”
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
