टीवीएस ग्रुप से जुड़े प्रतिष्ठित घराने में संपत्ति का संग्राम अब कानूनी चौखट पर आ गया है। ग्रुप के दिग्गज कारोबारी वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी वेणु ने अपने ही पिता की शाखा की संयुक्त पारिवारिक संपत्तियों में हिस्सेदारी के लिए कानूनी शिकंजा कस दिया है। उन्होंने अपने पिता को कानूनी नोटिस भेजकर संपत्ति के न्यायसंगत और कानूनी बंटवारे की मांग की है। लक्ष्मी का साफ कहना है कि परिवार के मुखिया होने के नाते उनके पिता का यह कर्तव्य है कि वह हर सदस्य को उसका हक दिलाएं और किसी के साथ भी दोहरे मापदंड या भेदभाव से बचें।
अपने इस दावे को मजबूती देने के लिए लक्ष्मी ने हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम, 1956 और इसके साल 2005 के अहम संशोधनों का ढाल बनाया है। उनका तर्क है कि कानून की नजर में बेटियां भी बेटों के बराबर पैतृक हकदार हैं। अधिनियम की धारा 6 का हवाला देते हुए उनका कहना है कि एक बेटी संयुक्त परिवार की संपत्ति में अपने हिस्से की सीधी हकदार है और इसके लिए उसे किसी अन्य की सहमति की जरूरत नहीं है। उनका कड़ा तर्क है कि कानून से मिले इस अधिकार को परिवार के भीतर किसी भी गुप्त समझौते या एकतरफा फैसले के जरिए न तो दबाया जा सकता है और न ही खत्म किया जा सकता है।
इस हाई-प्रोफाइल विवाद के दायरे में वे तमाम बेशकीमती संपत्तियां और बिजनेस स्टेक हैं, जो साल 2020 में हुए मेगा टीवीएस फैमिली सेटलमेंट के तहत वेणु श्रीनिवासन परिवार के हिस्से आए थे। इनमें वीएस ट्रस्ट के जरिए मैनेज होने वाली संपत्तियां और कई अन्य परिसंपत्तियां शामिल हैं। खास तौर पर टीवीएस होल्डिंग्स, टीवीएस मोटर कंपनी, टीवीएस क्रेडिट सर्विसेज और सुंदरम-क्लेटन जैसी दिग्गज कंपनियों की हिस्सेदारियां इस पूरे घमासान के केंद्र में हैं।
लक्ष्मी का सबसे बड़ा तर्क यह है कि साल 2020 में हुआ वह बड़ा पारिवारिक समझौता उनके पिता के परिवार के भीतर हुआ कोई आखिरी संपत्ति बंटवारा नहीं था। उनका सीधा आरोप है कि वेणु श्रीनिवासन की शाखा में संपत्तियों के सटीक और अलग-अलग हिस्से तय करने के लिए आज तक न तो कोई ठोस प्रक्रिया अपनाई गई और न ही उसे अंजाम तक पहुंचाया गया। उनका मानना है कि सिर्फ बिजनेस का कामकाज संभालना किसी एक शख्स को पूरी संपत्ति का बेताज बादशाह नहीं बना देता और न ही कारोबार के प्रबंधन के नाम पर बाकी सदस्यों के कानूनी अधिकारों का गला घोटा जा सकता है।
लक्ष्मी ने अपनी बात रखते हुए यह भी गंभीर आरोप लगाया है कि परिवार की अकूत संपत्तियों से होने वाले मुनाफे का रुख उनके भाई सुदर्शन की तरफ मोड़ दिया गया है, जबकि उनके अपने जायज अधिकारों को दरकिनार कर दिया गया है। उन्होंने इसे महज पैसों या प्रॉपर्टी का झगड़ा न मानकर भरोसे के टूटने का गंभीर मामला करार दिया है। हालांकि, कानूनी नोटिस का ब्रह्मास्त्र चलाने के बावजूद लक्ष्मी ने नरमी दिखाते हुए इस विवाद को आपसी बातचीत और निष्पक्ष तरीके से ही सुलझाने की अपनी इच्छा भी जताई है।
दिलचस्प बात यह है कि इस कानूनी लड़ाई में लक्ष्मी को अपनी मां और जानी-मानी बिजनेस वुमन मल्लिका श्रीनिवासन का भी खुला समर्थन मिल गया है। मल्लिका ने दो टूक कहा है कि परिवार में बेटा हो या बेटी, दोनों के अधिकार एक समान होने चाहिए। उन्होंने यह भी साझा किया कि आपसी सहमति से मामला सुलझाने के तमाम प्रयास अब तक बेनतीजा रहे हैं। मल्लिका के शब्दों में, एक मां के लिए उसकी संतानें हर लिहाज से बराबर हैं और लक्ष्मी का पारिवारिक संपत्तियों में पूरा और वैध हिस्सा बनता है, जो किसी भी सूरत में सुदर्शन के हिस्से से कम नहीं होना चाहिए।
गौरतलब है कि टीवीएस ग्रुप देश के सबसे पुराने और ताकतवर बिजनेस घरानों में शुमार है, जिसका साम्राज्य ऑटोमोबाइल सेक्टर से लेकर फाइनेंशियल सर्विसेज तक फैला हुआ है। ऐसे में, इस दिग्गज परिवार के भीतर सुलग रहा संपत्ति का यह विवाद केवल कानूनी अधिकारों की लड़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समूह की पारिवारिक और कारोबारी साख के लिए भी एक बड़ा मोड़ साबित हो सकता है। फिलहाल, देश भर की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या यह परिवार टेबल टॉक से कोई सुलह का रास्ता निकालेगा या यह मामला कोर्ट-कचहरी की लंबी लड़ाई में बदल जाएगा।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


