शेयर बाजार में भारी ‘वोलाटैलिटी’: सेंसेक्स फिसला, निफ्टी ने मामूली बढ़त के साथ मारी बाजी
वैश्विक बाजारों के मिले-जुले संकेतों और महत्वपूर्ण आर्थिक आंकड़ों के आने से पहले गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त उतार-चढ़ाव का रोमांच देखने को मिला। दिन भर चली उठापटक के बाद सेंसेक्स जहां मामूली गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुआ, वहीं निफ्टी हल्की बढ़त बनाने में सफल रहा। आंकड़ों की बात करें तो सेंसेक्स में 27 अंकों की कमजोरी रही, जबकि निफ्टी 14 अंक चढ़कर बंद हुआ। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, एचडीएफसी बैंक जैसे बड़े शेयरों में बिकवाली और अमेरिका-ईरान वार्ता से पहले निवेशकों की सतर्कता ने सूचकांकों पर दबाव बनाए रखा।
इसे भी पढ़ें: Flight Booking के 48 घंटे में Ticket Cancel करने पर No Extra Charge, DGCA ने जारी किए नए Rules
बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 27.46 अंक (0.03%) की मामूली गिरावट के साथ 82,248.61 के स्तर पर थमा। कारोबार के दौरान बाजार में भारी अस्थिरता रही; सेंसेक्स ऊंचे में 82,579.16 तक गया और नीचे में 81,970.47 अंक तक लुढ़का। इस तरह निवेशकों ने पूरे दिन 608.69 अंकों का बड़ा उतार-चढ़ाव महसूस किया। दूसरी ओर, एनएसई का निफ्टी 14.05 अंक (0.06%) की बढ़त लेकर 25,496.55 के स्तर पर पहुंचने में कामयाब रहा।
सेंसेक्स की दिग्गज कंपनियों में एचडीएफसी बैंक, पावर ग्रिड, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी और एक्सिस बैंक के शेयरों में बिकवाली का दबाव दिखा। इसके विपरीत, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (BEL), सन फार्मा, अदाणी पोर्ट्स, मारुति और भारती एयरटेल के शेयरों में खरीदारी ने बाजार को सहारा दिया। विश्लेषकों का मानना है कि वैश्विक अनिश्चितता और मुनाफ़ावसूली की वजह से निवेशकों ने फिलहाल ‘इंतजार करो और देखो’ की रणनीति अपनाई है।
इसे भी पढ़ें: US Financial Aid For Students: Stanford, Yale समेत ये 20 US Colleges दे रहे बंपर स्कॉलरशिप, देखें पूरी लिस्ट और करें Apply
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने बाजार की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा, “अमेरिकी बेरोजगारी आंकड़ों और भारत के जीडीपी (GDP) वृद्धि दर के परिणामों से पहले निवेशकों ने सावधानी बरतना बेहतर समझा। वैश्विक बाजारों के मिले-जुले रुख ने भी भारतीय बाजार की चाल को प्रभावित किया।” निवेश के मोर्चे पर, बुधवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 2,991.64 करोड़ रुपये और घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 5,118.57 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की।
अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर, एशिया के बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की मजबूती के साथ बंद हुए, जबकि चीन और हांगकांग के बाजारों में गिरावट रही। यूरोपीय बाजारों में दोपहर के सत्र में सकारात्मक रुख देखा गया, जबकि अमेरिकी बाजार पिछले सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए थे। कच्चे तेल की कीमतों में भी नरमी देखी गई और ब्रेंट क्रूड 0.95 प्रतिशत गिरकर 70.18 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। गौरतलब है कि पिछले कारोबारी सत्र (बुधवार) में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही बढ़त के साथ बंद हुए थे।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
