बिहार चुनाव: कांग्रेस का दावा – राजग ने मानी हार, मंत्री खाली कर रहे सरकारी आवास
पटना: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने रविवार को बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एक सनसनीखेज दावा किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने बिहार में अपनी हार स्वीकार कर ली है और इसके कई मंत्री अपने सरकारी आवास खाली करने की तैयारी में जुट गए हैं।
पवन खेड़ा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए आरोप लगाया कि “हार की आशंका” के चलते सत्तारूढ़ राजग के इशारे पर अधिकारी महत्वपूर्ण फाइलों को इधर-उधर कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “पहले चरण के मतदान के बाद मतदाताओं के उत्साह और अंतिम चरण (11 नवंबर) में होने वाले मतदान को लेकर ‘इंडिया’ गठबंधन के पक्ष में दिख रहे रुझान के बाद राजग नेताओं ने हार मान ली है।”
खेड़ा ने अपने दावों को पुख्ता करते हुए कहा, “हमें जानकारी मिली है कि उपमुख्यमंत्री समेत राजग सरकार के कई मंत्री अपने सरकारी आवास खाली करने की प्रक्रिया शुरू कर चुके हैं। यह भी संभव है कि जल्द ही उन स्थानों पर, जहां ये फाइलें रखी गई हैं, आग लगने की खबरें सुनाई दें।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार में चुनावी सभाओं में दिए गए “कट्टा” संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए खेड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बिहार के युवाओं का अपमान किया है। उन्होंने मांग की, “प्रधानमंत्री को अपने इस बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए।”
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को सीतामढ़ी और बेतिया की सभाओं में कहा था कि लोग बिहार में राजद के नेतृत्व वाले विपक्ष को इसलिए वोट नहीं दे रहे हैं क्योंकि उन्हें डर है कि अगर वे सत्ता में आए तो उनका शासन लोगों के सिर पर ‘कट्टा’ (देसी पिस्तौल) तान देगा और कहेगा ‘हाथ ऊपर करो’।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


