रफ़्तार का रोमांच: इंडियन रेसिंग फ़ेस्टिवल 2026 के शेड्यूल का हुआ एलान, सितारों से सजी टीमें दिखाएंगी दम
भारत में मोटरस्पोर्ट्स के दीवानों के लिए बड़ी खबर है। इंडियन रेसिंग फ़ेस्टिवल (IRF) अपने 2026 सीज़न का आगाज़ 12-13 सितंबर को कोयंबटूर के मशहूर ‘कारी मोटर स्पीडवे’ पर F4 इंडियन चैंपियनशिप के साथ करने जा रहा है। IRF की आधिकारिक प्रेस रिलीज़ के अनुसार, इस आगामी सीज़न में देश के बेहतरीन रेसिंग वेन्यूज़ पर छह F4 राउंड और चार इंडियन रेसिंग लीग (IRL) राउंड आयोजित किए जाएंगे। रफ़्तार के इस महाकुंभ का भव्य समापन दिसंबर में नवी मुंबई स्ट्रीट सर्किट पर रोमांचक स्ट्रीट-रेसिंग के साथ होगा।
FIA से मान्यता प्राप्त यह F4 इंडियन चैंपियनशिप कोयंबटूर से शुरू होकर नवी मुंबई की सड़कों तक अपनी धाक जमाएगी। यह मंच न केवल उभरते हुए सिंगल-सीटर ड्राइवरों को घरेलू स्तर पर कड़े मुकाबले का अवसर देगा, बल्कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ज़रूरी रेसिंग अनुभव और सुपर लाइसेंस पॉइंट हासिल करने में भी मदद करेगा। 2026 के ग्रिड पर इस बार आठ अलग-अलग देशों के प्रतिभाशाली ड्राइवर आठ टीमों की ओर से अपनी चुनौती पेश करेंगे।
दिग्गजों की टीमें और सितारों की भिड़ंत
इंडियन रेसिंग लीग (IRL) का चार राउंड वाला यह सीज़न 24-25 अक्टूबर को चेन्नई के मद्रास इंटरनेशनल सर्किट में शुरू होगा। इस लीग की खास बात इसमें शामिल सेलिब्रिटीज़ और उनके मालिकाना हक वाली टीमें हैं। 2026 सीज़न में किच्चा सुदीप की ‘किच्चाज़ किंग्स बेंगलुरु’, जॉन अब्राहम की ‘गोवा एसेस JA रेसिंग’, सौरव गांगुली की अगुवाई वाली ‘कोलकाता रॉयल टाइगर्स’, नागा चैतन्य की ‘हैदराबाद ब्लैकबर्ड्स’, अर्जुन कपूर की ‘स्पीड डेमन्स दिल्ली’ और एकॉर्ड ग्रुप की ‘चेन्नई टर्बो राइडर्स’ के बीच खिताबी जंग देखने को मिलेगी।
इसे भी पढ़ें: Sports Ministry ने IOA को दी छूट, 16 सदस्यीय कार्यकारी परिषद को मिली मंजूरी
ग्लोबल टैलेंट से सजेगा रेसिंग ट्रैक
F4 इंडियन चैंपियनशिप के ग्रिड में भारत सहित दुनिया भर के टैलेंटेड ड्राइवर शामिल हैं। इनमें प्रमुख रूप से एरन मेहता (सिंगापुर), स्वर्णव दास (भारत), साई आदित्य (USA/भारत), अनाय दोषी (केन्या), भुवन बोनु (भारत), श्रवण षणमुगावेल (यूनाइटेड किंगडम), कृषय गुट्टे (भारत), आर्यन नरोला (USA/भारत), महलोरी माबुंडा, एन्ज़ो रुजुगिरो, लुवि्वे साम्बुडला और न्तियिसो माबुंडा (सभी साउथ अफ्रीका), मैथियास अलेक्जेंडर फोरलैंड (नॉर्वे) और एरिस किरियाकोउ (ऑस्ट्रेलिया) जैसे नाम रेस ट्रैक पर पसीना बहाते नज़र आएंगे।
ये खिलाड़ी कुल आठ टीमों का प्रतिनिधित्व करेंगे: कोलकाता रॉयल टाइगर्स, चेन्नई टर्बो राइडर्स, हैदराबाद ब्लैकबर्ड्स, स्पीड डेमन्स दिल्ली, गोवा एसेस JA रेसिंग, गॉडस्पीड कोच्चि, अहमदाबाद एपेक्स रेसर्स और किच्चाज़ किंग्स बेंगलुरु। यह F4 सीरीज़ युवा ड्राइवरों के लिए कार्टिंग से सिंगल-सीटर रेसिंग की दुनिया में कदम रखने का एक शानदार प्रवेश द्वार है। रेसिंग प्रमोशन्स प्राइवेट लिमिटेड (RPPL) के चेयरमैन अखिलेश रेड्डी ने इस मौके पर कहा कि इंडियन रेसिंग फेस्टिवल का हर नया सीज़न भारत में एक मज़बूत और वैश्विक स्तर पर पहचाने जाने वाले मोटरस्पोर्ट इकोसिस्टम को खड़ा करने की हमारी प्रतिबद्धता की ओर एक बड़ा कदम है।
ताज़ा स्पोर्ट्स न्यूज़ के लिए यहाँ क्लिक करें।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


