‘राइज एंड फॉल’ में धनश्री वर्मा का खुलासा: तलाक, एलिमनी और अरबाज पटेल के साथ बढ़ती नजदीकियां
नई दिल्ली: कोरियोग्राफर और कंटेंट क्रिएटर धनश्री वर्मा इन दिनों एमएक्स प्लेयर पर प्रसारित हो रहे लोकप्रिय रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ में छाई हुई हैं। शो में उन्होंने पहली बार अपने पूर्व पति, भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल के साथ तलाक और उससे जुड़ी एलिमनी की अफवाहों पर खुलकर बात की है।
एलिमनी पर धनश्री का चौंकाने वाला बयान
धनश्री वर्मा ने शो में तलाक के बाद मिलने वाली एलिमनी को लेकर चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने युजवेंद्र चहल से तलाक और एलिमनी से जुड़ी अफवाहों के बारे में कई राज खोले हैं।
चहल से तलाक पर धनश्री का बड़ा बयान
शो के दौरान जब होस्ट आदित्य नारायण ने धनश्री से पूछा कि उन्हें तलाक को कितना समय हो गया है, तो उन्होंने जवाब दिया, "आधिकारिक तौर पर लगभग एक साल हो चुका है।" इस पर एक्ट्रेस कुब्रा सैत ने टिप्पणी की, "तलाक काफी जल्दी हो गया।" धनश्री ने सफाई देते हुए कहा, "यह जल्दी इसलिए हुआ क्योंकि यह आपसी सहमति से था।"
‘अजनबियों को समझाने की कोई ज़रूरत नहीं’
धनश्री वर्मा ने आगे कहा, "लोग एलिमनी की बातें करते हैं, लेकिन इसमें कोई सच्चाई नहीं है। सिर्फ इसलिए कि मैं चुप रहती हूं, लोग कुछ भी कहेंगे? मेरे माता-पिता ने सिखाया है कि सफाई उसी को दो जो मायने रखता है। बाकी अजनबियों को समझाने की कोई ज़रूरत नहीं है।"
इसके बाद नयनदीप रक्षित ने धनश्री से पूछा कि क्या अफवाहों पर चुप रहना मुश्किल नहीं था, तो उन्होंने कहा, "ऐसी बातें सुनकर दुख ज़रूर हुआ, लेकिन इसकी ज़रूरत नहीं थी। इनमें से कुछ भी सच नहीं था।"
धनश्री वर्मा ने कहा, "सबसे ज्यादा तकलीफ मुझे इस बात की हुई कि आखिर ऐसा क्यों बोला गया? बावजूद इसके, मैं हमेशा उनकी इज़्ज़त करूंगी। यही मेरा नज़रिया है। अभी तो मुझे लगता है कि मैं किसी को डेट भी नहीं कर पाऊंगी।"
युजवेंद्र चहल-धनश्री वर्मा: शादी और तलाक
धनश्री वर्मा और युजवेंद्र चहल ने दिसंबर 2020 में शादी की थी। दोनों ने जून 2022 में अलग होने का फैसला लिया और मार्च 2025 में उनका तलाक औपचारिक रूप से पूरा हुआ। इस दौरान मीडिया में खबरें आई थीं कि धनश्री वर्मा ने 60 करोड़ रुपये की एलिमनी मांगी है, लेकिन उनके परिवार ने इन अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया था।
अरबाज पटेल के साथ धनश्री की नजदीकियां
रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ में धनश्री वर्मा और अरबाज पटेल की दोस्ती काफी गहरी हो गई है। शो के शुरुआत में धनश्री वर्मा, कंटेस्टेंट आदित्य नारायण, अरबाज पटेल और पवन सिंह के साथ एक ग्रुप में रहती थीं। वहीं पवन सिंह के शो छोड़ने के बाद से धनश्री और अरबाज की बॉन्डिंग और मजबूत हो गई है।
शो के एक एपिसोड में धनश्री वर्मा और अरबाज पटेल की मजेदार नोकझोंक देखने को मिली थी। उस समय धनश्री ने अरबाज से कहा था, "आपने मेरे लिए मुश्किल कर दी है, मैं तो विलेन की दोस्त हूं।"
धनश्री वर्मा की इस बात पर अरबाज पटेल ने जवाब दिया था, "मैं विलेन नहीं, हीरो हूं। हीरोइन बनना है तो तुम्हें मेरी बातें माननी होंगी।" तब धनश्री मुस्कुराते हुए बोली थीं, "हीरो भी आप हो और विलेन भी, तो फिल्म में हीरोइन किसके साथ रहेगी?" इस पर अरबाज ने चुटकी लेते हुए कहा था, "पूरी फिल्म में हीरोइन तो विलेन के साथ ही रहती है।"
अरबाज के पेंटहाउस छोड़ने पर रोने लगी थीं धनश्री
हाल ही में शो में तब इमोशनल पल देखने को मिला जब अरबाज पटेल को पेंटहाउस छोड़कर वर्कर्स के साथ बेसमेंट में जाना पड़ा। जाने से पहले उन्होंने धनश्री से कहा था, "अब मैं नीचे जा रहा हूं, अपना ध्यान रखना। लोग कहते थे कि तुम्हारे फैसले मुझसे प्रभावित होते हैं। अब तुम अपना खेल खुद खेल सकती हो।"
अरबाज पटेल के ये शब्द सुनकर धनश्री वर्मा भावुक हो गई थीं और रोते हुए बोली थीं, "यकीन नहीं हो रहा कि मेरा दोस्त अब वर्कर्स के पास जा रहा है। जब उसने कहा अपना ख्याल रखना, तो मैं टूट गई थी।"
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
