मनोरंजन जगत में हलचल: जुबीन गर्ग की रहस्यमयी मौत की जांच और गौतम अडानी का दौरा
नई दिल्ली: जाने-माने गायक जुबीन गर्ग की दुखद मृत्यु ने मनोरंजन जगत में सनसनी फैला दी है। हर दिन इस मामले से जुड़े नए खुलासे हो रहे हैं। असम के मुख्यमंत्री हिमंत सरमा बिस्वा ने इस मामले की गहन जांच के लिए एसआईटी (विशेष जांच दल) का गठन कर दिया है, वहीं जुबीन गर्ग की पत्नी ने मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है।
गौतम अडानी और जीत अडानी ने दी श्रद्धांजलि
इसी बीच, देश के प्रसिद्ध उद्योगपति गौतम अडानी अपने बेटे जीत अडानी के साथ गुवाहाटी पहुंचे। पिता-पुत्र की जोड़ी ने दिवंगत गायक-संगीतकार जुबीन गर्ग के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। करीब आधे घंटे तक वे परिवार के साथ रहे और जुबीन की पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
गरिमा से क्या बोले गौतम अडानी?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गौतम और जीत अडानी 28 सितंबर 2025 की रात करीब 9 बजे जुबीन गर्ग के घर पहुंचे थे। उनके साथ अडाणी समूह के कई वरिष्ठ अधिकारी भी थे। सभी ने वहां फूल अर्पित कर जुबीन गर्ग को नमन किया और गरिमा सैकिया गर्ग से मिलकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
सीआईडी को भेजी गई शिकायत
जुबीन गर्ग के परिवार ने गायक की मौत के मामले में राज्य अपराध अन्वेषण विभाग (CID) को औपचारिक शिकायत भेजी है। 19 सितंबर 2025 को जुबीन गर्ग का निधन सिंगापुर में समंदर में तैरते समय हुआ था। परिवार ने इस हादसे की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए गहन जांच की मांग की है। करीबी रिश्तेदार मनोज कुमार बोरठाकुर ने बताया कि उन्होंने ईमेल के जरिए सीआईडी में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर जुबीन की पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग और उनकी बहन पाल्मे बोरठाकुर के हस्ताक्षर भी हैं।
मौत के पीछे की सच्चाई क्या?
दिवंगत जुबीन गर्ग के परिवार का कहना है कि वे गायक की मौत के पीछे की सच्चाई जानना चाहते हैं। परिवार के एक अन्य सदस्य ने जांच एजेंसियों से उस यॉट ट्रिप में शामिल सभी लोगों से पूछताछ की मांग की है, जहां यह घटना हुई थी। इसमें पूर्वोत्तर भारत महोत्सव के आयोजक श्यामकानु महंत और अन्य लोग भी शामिल हैं, जिनकी भूमिका इस हादसे से जुड़ी हो सकती है।
गिरफ्तार हुआ संगीतकार, मैनेजर के घर पर छापा
इस मामले की जांच के लिए असम पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया गया है। टीम के अधिकारियों ने 25 सितंबर 2025 को जुबीन गर्ग के सहयोगी संगीतकार शेखर ज्योति गोस्वामी को गिरफ्तार किया था। बताया जा रहा है कि शेखर ज्योति गोस्वामी उस ग्रुप का हिस्सा थे, जो जुबीन गर्ग के साथ सिंगापुर यॉट ट्रिप पर गया था। इसके साथ ही गायक जुबीन गर्ग के मैनेजर सिद्धार्थ सरमा के घर में भी छापेमारी की गई थी।
मैनेजर के घर पर तलाशी
सिंगर जुबीन गर्ग की दुखद मौत के कुछ दिनों बाद, उनके मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा ने एक बयान जारी कर गायक के कैटलॉग के स्वामित्व और आय को स्पष्ट किया है। यह बयान विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा गुवाहाटी के दतालपारा इलाके में उनके आवास पर छापेमारी के एक दिन बाद आया। अधिकारियों की एक टीम 26 सितंबर 2025 की सुबह सिंगर के मैनेजर के घर पहुंची थी, लेकिन तलाशी शुरू करने से पहले करीब दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा। जब एसआईटी टीम सिद्धार्थ सरमा के अपार्टमेंट की तलाशी लेने पहुंची, तो दरवाजा बंद मिला। फिर ताला तोड़कर और एक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में घर की तलाशी ली गई।
कथित तौर पर जुबीन गर्ग के मैनेजर सिद्धार्थ सरमा और उनका परिवार साल 2019 से इस अपार्टमेंट में रह रहे थे। हालांकि, पड़ोसियों ने बताया कि सिंगर की मौत के 2 दिन बाद से उन्हें देखा नहीं गया था।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
