‘हेरा फेरी 3’ शूटिंग पर बड़ा अपडेट: अक्षय कुमार, परेश रावल और सुनील शेट्टी की फिल्म ‘हेरा फेरी 3’ की घोषणा के बाद से ही दर्शकों में उत्साह का माहौल है। अब इस बहुप्रतीक्षित फिल्म को लेकर एक महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। लंबे समय से यह खबरें आ रही थीं कि अक्षय कुमार और परेश रावल के बीच फिल्म को लेकर कुछ मतभेद थे, जिसकी वजह से इसकी शूटिंग में देरी हो रही थी।
बीच में तो ऐसी भी खबरें थीं कि परेश रावल ने फिल्म छोड़ दी है और उन्होंने अपना साइनिंग अमाउंट भी लौटा दिया है। हालांकि, कुछ ही दिनों में फिल्म निर्माताओं ने इस विवाद को सुलझा लिया और परेश रावल की वापसी की पुष्टि हो गई। अब परेश रावल जल्द ही इस फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे। कब से, इसकी जानकारी इस रिपोर्ट में दी जा रही है।
न्यूज़18 से बातचीत के दौरान परेश रावल ने बताया, “इस फिल्म पर काम जारी है। हम अगले साल, यानी 2026 में फरवरी या मार्च में शूटिंग शुरू कर देंगे।” ‘हेरा फेरी 3’ को लेकर हुए विवादों का प्रियदर्शन के साथ उनके रिश्ते पर क्या असर पड़ा, इस सवाल पर परेश रावल ने कहा, “बहुत सारी चीजें हुईं, लेकिन इन सब बातों का मेरे और प्रियदर्शन के रिश्ते पर बिलकुल भी असर नहीं पड़ा। रिश्ता ऐसे थोड़ी खराब होता है। हम दोनों एक-दूसरे को बहुत अच्छी तरह समझते हैं। अब घाव भर गए हैं और हमारा रिश्ता एकदम पारदर्शी है।”
बाबूराव के किरदार पर स्पिन-ऑफ की संभावना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “एक फिल्म सभी की वजह से बनती है, किसी एक की वजह से नहीं। मुझे नहीं लगता कि बाबूराव अकेले चल पाएगा। इसके लिए श्याम और राजू की भी ज़रूरत पड़ेगी। मैं लालची एक्टर नहीं हूं और न ही बेवकूफ। मैं ऐसा इंसान भी नहीं हूं जिसे लगता हो कि दुनिया मेरी वजह से चलती है। अगर कभी कोई स्टैंडअलोन फिल्म भी बनती है, तो भी उसमें श्याम और राजू का होना ज़रूरी है।”
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


