‘120 बहादुर’: रेज़ांग ला की वीरगाथा से प्रेरित फरहान अख्तर, मेजर शैतान सिंह को किया नमन
मुंबई: एक्सेल एंटरटेनमेंट और ट्रिगर हैप्पी स्टूडियोज़ की हालिया रिलीज़ फ़िल्म ‘120 बहादुर’ इस साल की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक साबित हुई है। रिलीज़ के कुछ ही दिनों में, यह फिल्म सिनेमाघरों में दर्शकों का दिल जीत रही है और हाउसफुल शोज के साथ शानदार प्रदर्शन कर रही है। भारत-चीन युद्ध की ऐतिहासिक रेज़ांग ला की लड़ाई में अपने प्राणों की आहुति देने वाले 120 जांबाज भारतीय सैनिकों को समर्पित यह फिल्म, देशभक्ति और शौर्य की एक अनूठी गाथा प्रस्तुत करती है।
आज, मेजर शैतान सिंह भाटी, पीवीसी, की जयंती के अवसर पर, फिल्म में उनके किरदार को जीवंत करने वाले अभिनेता फरहान अख्तर ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस महान वीर को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की है। फरहान ने मेजर शैतान सिंह की असाधारण वीरता को याद करते हुए कहा कि उनकी जिंदगी आज भी लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है।
अपने सोशल मीडिया पोस्ट में फरहान ने लिखा, “आज, मेजर शैतान सिंह भाटी (पीवीसी) को उनकी 101वीं जयंती पर स्मरण कर रहा हूँ। हम हमेशा उनसे और रेज़ांग ला की लड़ाई में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर लड़ने वाले 120 बहादुर योद्धाओं से प्रेरणा लेते रहेंगे। एक बार फिर, उनके बेटे नरपत सिंह जी और पूरे भाटी परिवार के प्रति मेरा गहरा सम्मान और आभार। जय हिंद ♥️।”
‘120 बहादुर’ फिल्म 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान लड़ी गई रेज़ांग ला की प्रसिद्ध लड़ाई की कहानी को बयां करती है। इसमें 13 कुमाऊं रेजिमेंट के 120 भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस और शौर्य को दर्शाया गया है। फरहान अख्तर, जो इस फिल्म में मेजर शैतान सिंह भाटी, पीवीसी, का किरदार निभा रहे हैं, अपने साथियों के साथ मिलकर दुश्मन के सामने चट्टान की तरह खड़े रहे और भारतीय सेना के इतिहास की सबसे महत्वपूर्ण लड़ाइयों में से एक में अपनी अमूल्य भूमिका निभाई। फिल्म का सार, “हम पीछे नहीं हटेंगे,” आज भी हर भारतीय के दिल में देशभक्ति की लहर दौड़ा देता है।
रजनीश ‘रेज़ी’ घोष द्वारा निर्देशित और रितेश सिधवानी, फरहान अख्तर (एक्सेल एंटरटेनमेंट) और अमित चंद्रा (ट्रिगर हैप्पी स्टूडियोज़) द्वारा निर्मित यह फिल्म अब सिनेमाघरों में दर्शकों को देशभक्ति के रंग में रंग रही है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


