सुगम संगीत के सरताज, सोनू निगम इंदौर में लता मंगेशकर सम्मान से सम्मानित
इंदौर, मध्य प्रदेश: सुगम संगीत के क्षेत्र में अपने अमिट योगदान के लिए विख्यात पार्श्व गायक सोनू निगम को रविवार को इंदौर में प्रतिष्ठित राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान से अलंकृत किया गया। यह बहुप्रतीक्षित सम्मान, महान गायिका लता मंगेशकर की 96वीं जयंती के पावन अवसर पर, उनकी जन्मस्थली में आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा प्रदान किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री यादव ने भारत रत्न लता मंगेशकर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, "लता मंगेशकर ने अपने मधुर स्वर से भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। उनके नाम पर स्थापित यह सम्मान, उन कलाकरों के अप्रतिम योगदान को नमन करता है जिन्होंने गीत-संगीत के क्षेत्र में अपनी एक अमिट छाप छोड़ी है।" उन्होंने आगे कहा कि मध्य प्रदेश सरकार सोनू निगम को लता मंगेशकर अलंकरण से सम्मानित कर अत्यंत गौरवान्वित महसूस कर रही है।
सम्मान स्वीकार करते हुए, 52 वर्षीय सोनू निगम ने भावुक स्वर में अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा, "लता जी हमारे लिए केवल प्रेरणा का स्रोत नहीं, बल्कि संगीत की जीवंत परंपरा रही हैं। इस सम्मान को प्राप्त कर मैं स्वयं को धन्य महसूस कर रहा हूँ। यह क्षण मेरे जीवन के सबसे खास पलों में से एक है।"
निगम ने एक और भावुक क्षण साझा करते हुए कहा, "जिस लता मंगेशकर अलंकरण समारोह में प्रस्तुति देने के लिए मैं 30 वर्ष पूर्व इंदौर आया था, उसी सम्मान समारोह में आज मुझे यह सम्मान मिलना, मेरे लिए बेहद गौरव का पल है।"
उल्लेखनीय है कि लता मंगेशकर का जन्म 28 सितंबर 1929 को इंदौर में हुआ था और उन्होंने 6 फरवरी 2022 को मुंबई में 92 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली थी। वर्ष 1984 में स्थापित, राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान, सुगम संगीत के क्षेत्र में कलात्मक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश के संस्कृति विभाग द्वारा प्रतिवर्ष प्रदान किया जाता है। पिछले वर्षों में, नौशाद, किशोर कुमार और आशा भोंसले जैसी संगीत की महान हस्तियों को भी इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा जा चुका है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
