उपमुख्यमंत्री का सपा पर तीखा प्रहार: “कसाइयों को संरक्षण देने वाली पार्टी”
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोलते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि विपक्षी दल ने कसाइयों को संरक्षण दिया, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गौ माता का सम्मान किया।
एक आधिकारिक बयान में पाठक ने कहा कि प्रदेश की जनता सपा की “बेचैनी” को काफी समय से महसूस कर रही है। उन्होंने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री यह भूल गए हैं कि सपा सरकार के दौरान अपराधियों को खुला संरक्षण प्राप्त था और अवैध बूचड़खाने बेखौफ संचालित होते थे।
पाठक ने कड़े शब्दों में आरोप लगाया, “सपा सरकार में गौ माता का खुलेआम वध होता था और कसाइयों को सरकारी संरक्षण प्राप्त था। कसाइयों को संरक्षण देने वाली सरकार समाजवादी पार्टी की थी।”
उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा, “इसके विपरीत, गौ माता का संरक्षण करने और सम्मान देने वाली सरकार भाजपा की है।” उन्होंने गोरखपुर जिले में 20 वर्षीय नीट अभ्यर्थी की हत्या के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि इस प्रकरण में आरोपी की गिरफ्तारी वारदात के 24 घंटे के भीतर हो गई, जिससे सपा मुखिया की “जमीन खिसक गई”। पाठक ने दावा किया कि ‘वोट बैंक’ की राजनीति के चलते अखिलेश यादव अपराधी को बचाने का प्रयास कर रहे हैं।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


