डुमरांव में पहुंचा ‘अवेयर मीडिया न्यूज़’ का इलेक्शन एक्सप्रेस: विकास, सड़क और रोजगार के मुद्दों पर गरमागरम बहस
डुमरांव (बक्सर): ‘अवेयर मीडिया न्यूज़’ का इलेक्शन एक्सप्रेस शुक्रवार को डुमरांव शहर के नगर भवन परिसर में पहुंचा, जहां चौपाल कार्यक्रम में विभिन्न पार्टियों के नेताओं ने जनता के सवालों का सामना किया। दूर-दराज से आए लोगों ने जनप्रतिनिधियों से खुलकर सवाल पूछे, जिनका जवाब मंच पर मौजूद नेताओं ने देने का प्रयास किया।
भाजपा का दावा: नीतीश-मोदी के नेतृत्व में हुआ सर्वांगीण विकास
भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में डुमरांव सहित पूरे बिहार में गरीब, किसान, मजदूर और समाज के सभी वर्गों के विकास का दावा किया। उन्होंने कहा कि यह विकास ‘विकसित भारत’ और ‘आत्मनिर्भर बिहार’ की कल्पना को साकार करने में मील का पत्थर साबित होगा। भुवन ने विश्वास जताया कि 2025 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी।
बाईपास का मुद्दा छाया, सड़क पर जनता का गुस्सा
शहर की जर्जर सड़क और बाईपास निर्माण की अधूरी मांग ने चौपाल में खास तौर पर तूल पकड़ा। जनता ने विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र यादव से तीखे सवाल पूछे। उन्होंने आश्वासन दिया कि सड़क मरम्मत का कार्य शीघ्र ही पूरा हो जाएगा। वहीं, दूसरी ओर, बिहार सरकार पर ठगने का आरोप लगाते हुए, महागठबंधन के उम्मीदवार सुनील कुमार सिंह उर्फ पप्पू यादव ने कहा कि उनकी सरकार युवाओं को रोजगार, दवाई और सिंचाई सुविधा मुहैया कराएगी और पलायन रोकेगी। उन्होंने एनडीए सरकार को “नकलची” करार देते हुए तेजस्वी यादव के 200 यूनिट बिजली फ्री के वादे का हवाला दिया, जिसे एनडीए ने भी अपनाया। उन्होंने नवानगर मलई बराज को जानबूझकर अटकाए रखने का भी आरोप लगाया।
“मीठी-मीठी बातों से जनता को ठगा गया”: रालोसपा का आरोप
रालोसपा के अरविंद प्रताप उर्फ बंटी साही ने डुमरांव के विधायक पर जनता को मीठी-मीठी बातों से ठगने और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को अपनी बताकर पेश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता अब इन बातों में आने वाली नहीं है।
जदयू का जवाब: महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों के लिए सरकारी योजनाएं
जदयू के प्रतिनिधि धीरज कुमार ने जनता के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि नीतीश सरकार ने महिलाओं के लिए डोमिसाइल नीति लागू की है, जिससे शिक्षा में सुधार हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री साइकिल योजना, ग्रामीण क्षेत्रों में जीविका दीदियों और शहरी क्षेत्रों में आजीविका समूहों के माध्यम से रोजगार सृजन का भी उल्लेख किया। बुजुर्गों के लिए पेंशन राशि को 400 से बढ़ाकर 1100 रुपये करने और ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए 125 यूनिट फ्री बिजली देने की भी बात कही।
रेल लाइन निर्माण की मांग, तीखी नोक-झोंक
चौपाल के दौरान, पिंकी पाठक, ओम ज्योति भगत, राजीव भगत, दीपक यादव, बीएल लाल प्रवीण, अंश कुमार और उमेश कुमार गुप्ता रोनियार जैसे नेताओं ने बलिया-डेहरी रेल लाइन निर्माण की मांग उठाई। विपक्षी पार्टियों से सवालों की बौछार के बीच तीखी नोक-झोंक भी देखने को मिली।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
