प्रधानमंत्री मोदी 1 नवंबर को छत्तीसगढ़ की एक दिवसीय यात्रा पर: राज्य के 25 वर्ष के सफर का करेंगे उत्सव, जन-जन से जुड़ेंगे, विकास कार्यों का करेंगे शिलान्यास
रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 नवंबर (शनिवार) को छत्तीसगढ़ की एक महत्वपूर्ण यात्रा पर होंगे, जहाँ वे राज्य के गठन के 25 वर्ष पूरे होने के गौरवशाली अवसर का उत्सव मनाएंगे। इस दौरान, प्रधानमंत्री कई जन-कल्याणकारी कार्यक्रमों में शामिल होंगे और राज्य के विकास को नई गति प्रदान करने वाली कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
‘जीवनदान’ से ‘शांति शिखर’ तक, दिल की बात से विकास की नई उड़ान:
प्रधानमंत्री की यात्रा की शुरुआत ‘दिल की बात’ कार्यक्रम के तहत नवा रायपुर अटल नगर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल से होगी। यहाँ वे उन 2500 बच्चों से संवाद करेंगे जिन्होंने जन्मजात हृदय रोगों से सफलतापूर्वक जंग जीती है। यह उन अनगिनत जिंदगियों के लिए आशा की किरण है जिनका जीवन प्रधानमंत्री की पहल से संवारा गया है।
इसके पश्चात, लगभग 10:45 बजे, प्रधानमंत्री ब्रह्माकुमारीज़ के “शांति शिखर” का उद्घाटन करेंगे। यह एक अत्याधुनिक केंद्र है जो आध्यात्मिक शिक्षा, शांति और ध्यान के माध्यम से समाज में सकारात्मकता और आत्म-शांति के प्रसार का कार्य करेगा।
अटल जी की विरासत को नमन, हरित भवन का लोकार्पण:
लगभग 11:45 बजे, नवा रायपुर अटल नगर स्थित छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन में देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा का अनावरण होगा। यह नमन उस दूरदर्शी नेतृत्व को है जिसने छत्तीसगढ़ राज्य की नींव रखी। इसके बाद, प्रधानमंत्री नव-निर्मित छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन का उद्घाटन करेंगे। यह हरित भवन की अवधारणा पर आधारित है, जो सौर ऊर्जा से संचालित होगा और वर्षा जल संचयन प्रणाली से सुसज्जित है। प्रधानमंत्री उपस्थित जनसमूह को भी संबोधित करेंगे, जहाँ वे राज्य के विकास के विजन को साझा करेंगे।
शहीदों का सम्मान, जनजातीय विरासत का संरक्षण:
दोपहर लगभग 1:30 बजे, प्रधानमंत्री शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक एवं जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का उद्घाटन और अवलोकन करेंगे। यह संग्रहालय राज्य के वीर जनजातीय समुदायों के अदम्य साहस, बलिदान और देशभक्ति की गौरवशाली गाथा को जीवंत करेगा। प्रधानमंत्री स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए संग्रहालय पोर्टल और ई-बुक “आदि शौर्य” का शुभारंभ करेंगे। साथ ही, स्मारक स्थल पर अमर शहीद वीर नारायण सिंह की भव्य घुड़सवार प्रतिमा का भी अनावरण करेंगे।
रजत महोत्सव का भव्य शुभारंभ, विकास परियोजनाओं का महाकुंभ:
लगभग 2:30 बजे, प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव में शिरकत करेंगे। इस अवसर पर, प्रधानमंत्री ₹14,260 करोड़ से अधिक की विकासात्मक और परिवर्तनकारी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जो सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य सेवा और ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को नई दिशा देंगे।
ग्रामीण आजीविका को मजबूती प्रदान करने की दिशा में, प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ के नौ जिलों में 12 नए स्टार्ट-अप ग्राम उद्यमिता कार्यक्रम (एसवीईपी) ब्लॉकों का उद्घाटन करेंगे। इसके अतिरिक्त, वे 3.51 लाख पूर्ण हो चुके घरों के लिए गृह प्रवेश में भाग लेंगे और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 3 लाख लाभार्थियों को ₹1200 करोड़ रुपये की किस्त जारी करेंगे, जिससे राज्य भर में ग्रामीण परिवारों के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक आवास सुनिश्चित होगा।
कनेक्टिविटी का नया दौर, क्षेत्रीय विकास को मिलेगी रफ्तार:
प्रधानमंत्री मोदी पत्थलगांव-कुंकुरी से छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा तक चार लेन वाले ग्रीनफील्ड राजमार्ग की आधारशिला रखेंगे, जिसका निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा भारतमाला परियोजना के तहत लगभग ₹3,150 करोड़ की लागत से किया जाएगा। यह महत्वपूर्ण गलियारा कोरबा, रायगढ़, जशपुर, रांची और जमशेदपुर में प्रमुख कोयला खदानों, औद्योगिक क्षेत्रों और इस्पात संयंत्रों को जोड़ेगा, जिससे मध्य भारत और पूर्वी क्षेत्र के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूती मिलेगी।
इसके अलावा, प्रधानमंत्री बस्तर और नारायणपुर जिलों में एनएच-130डी (नारायणपुर-कस्तूरमेटा-कुतुल-नीलंगुर-महाराष्ट्र सीमा) के निर्माण और उन्नयन की आधारशिला रखेंगे। इन परियोजनाओं से जनजातीय और दूरदराज के क्षेत्रों में सड़क संपर्क में अभूतपूर्व सुधार होगा, जिससे स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और बाजारों तक पहुँच आसान होगी और इन क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक विकास को एक नई उड़ान मिलेगी।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
