विकास की बिजली, बांसवाड़ा से चमकी देश की तकदीर: पीएम मोदी ने 90 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट्स का किया शिलान्यास
राजस्थान के बांसवाड़ा से आज देश के विकास की एक नई गाथा लिखी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहाँ विकास कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन करते हुए, बिजली क्षेत्र में देश की अभूतपूर्व प्रगति का शंखनाद किया। 90 हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास परियोजनाओं की शुरुआत ने राजस्थान, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र जैसे राज्यों को विकास की ‘बिजली की रफ्तार’ से जोड़ने का संकल्प लिया। पीएम मोदी ने कहा, "आज राजस्थान की धरती से बिजली क्षेत्र में भारत के सामर्थ्य का एक नया अध्याय लिखा जा रहा है। यह दिखाता है कि आज देश बिजली की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है, और इस रफ्तार में देश का हर हिस्सा शामिल है। हर राज्य को प्राथमिकता दी जा रही है।"
2014 का संकल्प: हर घर बिजली, हर गांव रौशन
पीएम मोदी ने कांग्रेस के शासनकाल पर तंज कसते हुए कहा, "कांग्रेस की सरकार ने बिजली के महत्व पर ध्यान ही नहीं दिया।" उन्होंने बताया कि 2014 में जब उन्होंने पदभार संभाला, तब देश के 2.5 करोड़ घर बिजली से वंचित थे और 18,000 गांवों में बिजली के खंभे तक नहीं लगे थे। "आजादी के 70 साल बाद भी देश के 18,000 गांवों में बिजली के खंभे तक नहीं लगे थे। देश के बड़े-बड़े शहरों में घंटों तक बिजली कटौती होती थी, और गांवों में तो 4—5 घंटे बिजली आ जाए, यह बड़ी बात मानी जाती थी।" इस तस्वीर को बदलते हुए, मोदी सरकार ने देश के हर गांव तक बिजली पहुंचाई और 2.5 करोड़ घरों को मुफ्त कनेक्शन दिए, जिससे जनजीवन सुगम हुआ और नए उद्योगों को पंख लगे।
स्वच्छ ऊर्जा की ओर अग्रसर भारत: जनआंदोलन बनेगा भविष्य
21वीं सदी की तेजी से भागती दुनिया में, पीएम मोदी ने बिजली उत्पादन बढ़ाने और स्वच्छ ऊर्जा को अपनाने पर जोर दिया। "21वीं सदी में जिस देश को तेजी से विकास करना है, उसे अपने यहां बिजली उत्पादन बढ़ाना ही होगा। इसमें सबसे सफल वही देश होंगे, जो स्वच्छ ऊर्जा में आगे रहेंगे। इसलिए हमारी सरकार स्वच्छ ऊर्जा के अभियान को जनआंदोलन बनाकर आगे बढ़ा रही है।"
कांग्रेस का ‘भ्रष्टाचार’ और भाजपा का ‘विकास’: राजस्थान की बदली तस्वीर
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर राजस्थान को ‘पेपर लीक का केंद्र’ बनाने, ‘जल जीवन मिशन को भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ाने’, ‘महिलाओं पर अत्याचार’ और ‘बलात्कारियों को संरक्षण’ देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ जैसे इलाके ‘अपराध और अवैध शराब के कारोबार’ का गढ़ बन गए थे। वहीं, भाजपा सरकार के आने के बाद "कानून व्यवस्था को मजबूत किया गया और विकास परियोजनाओं में तेजी लाई गई।"
जीएसटी का ‘बचत उत्सव’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ का स्वप्न
2017 में जीएसटी लागू करने को देश को ‘टैक्स और टोल के जंजाल से मुक्ति’ दिलाने का कदम बताते हुए, पीएम मोदी ने हालिया #NextGenGST सुधारों का जिक्र किया, जिससे "आज पूरा भारत #GSTBachatUtsav मना रहा है। उपयोग की सारी चीजें अब सस्ती हो गई हैं।" उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल को ‘शोषण’ और ‘लूट’ का काल बताते हुए, कहा कि भाजपा सरकार ने ‘कांग्रेस की लूट को बंद किया’। ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए, पीएम मोदी ने स्वदेशी को अपनाने का आग्रह किया। "हम किसी और पर निर्भर न रहें, यह बहुत आवश्यक है। इसका रास्ता स्वदेशी के मंत्र से जाता है, और इसलिए हमें स्वदेशी के मंत्र को कभी नहीं भूलना चाहिए।" उन्होंने दुकानदारों और देशवासियों से स्वदेशी वस्तुओं के विक्रय और क्रय का आह्वान किया।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
