प्यार है या कोई एक्सेल शीट? जब पार्टनर हर बात का हिसाब रखने लगे, तो संभल जाएं!
रिश्ते की शुरुआत में पार्टनर अक्सर दुनिया का सबसे हसीन इंसान लगता है, लेकिन हकीकत की परतें वक्त के साथ ही खुलती हैं। समय बीतने पर जब मुखौटे उतरते हैं, तब इंसान का असली स्वभाव नजर आता है। अक्सर रिश्तों में कड़वाहट उस मोड़ से शुरू होती है, जहां शुरुआत में कंधे से कंधा मिलाकर चलने वाला पार्टनर अचानक आपको समझने के बजाय कंट्रोल करने लगता है। धीरे-धीरे आप उस रिश्ते में घुटने लगते हैं। आखिर ऐसी स्थिति में क्या किया जाए? आइए, इसे एक वास्तविक उदाहरण से समझते हैं।
एक महिला ने अपनी व्यथा साझा करते हुए बताया कि उनके तीन साल के रिश्ते की बुनियाद बहुत खूबसूरत और समझदारी पर टिकी थी। उनका पार्टनर बेहद सहयोगी था। लेकिन अब फिजाएं बदल चुकी हैं। उनका पार्टनर अब हर छोटी-बड़ी बात का हिसाब रखने लगा है—किसने कितना योगदान दिया, किसने ज्यादा समझौते किए और कौन अधिक मेहनत कर रहा है। उन्होंने महसूस किया कि उनका प्यार अब एक ‘तुलना की तराजू’ पर तौला जा रहा है, जिससे उन्हें बेचैनी और घुटन होने लगी है। वह इस ‘बहीखाते’ वाले रिश्ते से निजात पाकर सही रास्ता जानना चाहती हैं।
नोएडा की जानी-मानी क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. जया सुकुल ने इस संवेदनशील मुद्दे पर विस्तार से बात की और कुछ बेहद जरूरी एक्सपर्ट टिप्स साझा किए।
डॉ. जया कहती हैं कि कई रिश्तों की गाड़ी इसी स्टेशन पर आकर पटरी से उतर जाती है, जहां प्यार धीरे-धीरे हिसाब-किताब में बदलने लगता है। तीन साल के सफर में एक-दूसरे को शून्य से शिखर तक पहुंचते देखना एक बड़ी भावनात्मक उपलब्धि है। रिश्तों में निवेश जितना गहरा होता है, वहां लगने वाली चोट भी उतनी ही सालती है। इसलिए, सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि आपके रिश्ते की बुनावट में कहां गांठ पड़ रही है।
डॉ. जया का तर्क है कि पूरी दुनिया में केवल एक ही रिश्ता ‘बिना किसी शर्त’ (Unconditional) के चलता है, और वह है माता-पिता और संतान का। वहां सिर्फ देना होता है। लेकिन दो वयस्कों (Adults) के बीच का रिश्ता इस तरह काम नहीं करता।
रिश्ता एक साझेदारी है, जिसमें ‘लेन-देन’ का एक संतुलन होता है। इसमें कोई अकेला ‘दाता’ या ‘याचक’ नहीं होता। अगर आपका पार्टनर हर चीज गिनने लगा है, तो मुमकिन है कि वह इस साझा सफर की मूल भावना को भूलकर मुकाबले की राह पर निकल पड़ा है।
इसे भी पढ़ें: लॉन्ग डिस्टेंस रिलेशनशिप टिप्स : Valentine’s Day पर Partner है दूर? ये Special Tips लॉन्ग-डिस्टेंस रिलेशनशिप में भर देंगे रोमांस
हिसाब-किताब: क्या यह हमेशा गलत होता है?
आमतौर पर माना जाता है कि जहां हिसाब आया, वहां से प्यार रुखसत हो जाता है। लेकिन डॉ. जया के अनुसार, हिसाब दो तरह के होते हैं: एक ‘हेल्दी’ और दूसरा ‘टॉक्सिक’। आपको यह पहचानना होगा कि आप किस श्रेणी से जूझ रही हैं।
क्या है ‘हेल्दी हिसाब’?
इसका मतलब कोई डायरी मेंटेन करना नहीं है कि ‘आज झाड़ू मैंने लगाई तो कल तुम लगाओ’। हेल्दी हिसाब बहुत बुनियादी होता है। इसमें बस यह देखा जाता है कि घर की जिम्मेदारियां, खर्च और प्रयास मोटे तौर पर दोनों में बराबर बंटे हैं या नहीं। यह हिसाब रिश्ते की उम्र बढ़ाने और संतुलन बनाए रखने के लिए होता है, किसी को नीचा दिखाने के लिए नहीं। यह बिल्कुल वैसा ही है जैसे दोस्तों के बीच बिल शेयर करना।
क्या है ‘टॉक्सिक हिसाब’?
खतरा तब शुरू होता है जब हर बहस में ‘पुराने रिकॉर्ड’ खंगाले जाने लगें। जब जुबान पर ये शब्द आने लगें कि ‘मैने तुम्हारे लिए ज्यादा किया’ या ‘मेरे समझौते तुम्हारे मुकाबले बड़े हैं’। यह व्यवहार प्यार नहीं, बल्कि अविश्वास और असुरक्षा की निशानी है। ऐसा रवैया रिश्ते को अंदर ही अंदर दीमक की तरह चाट जाता है और अंततः इंसान उस रिश्ते से दूर भागने का रास्ता खोजने लगता है।
अविश्वास की पहचान कैसे करें?
मनोविज्ञान कहता है कि जब रिश्ते में भरोसा कमजोर होता है, तभी इंसान तुलना और कंट्रोल का सहारा लेता है। जब कोई व्यक्ति रिश्ते में असुरक्षित महसूस करता है, तो वह बार-बार यह साबित करना चाहता है कि उसके प्रयास कम नहीं हैं। यह स्थिति गहरे डर, ठुकराए जाने की आशंका और आत्मविश्वास की कमी से उपजती है। धीरे-धीरे यह रिश्ता साथ चलने के बजाय एक ‘मुकाबला’ बन जाता है।
इसे भी पढ़ें: लॉन्ग डिस्टेंस रिलेशनशिप टिप्स: Long Distance में भी Love रहेगा बरकरार, ये तरीके बचाएंगे आपका रिश्ता
क्या कभी हिसाब जरूरी भी होता है?
एक्सपर्ट मानती हैं कि कुछ हालातों में हिसाब जरूरी है। मसलन, अगर एक पार्टनर सारा भावनात्मक और आर्थिक बोझ उठा रहा हो और दूसरा सिर्फ मांगें (Demands) कर रहा हो, तो वहां हिसाब करना जायज है। लेकिन अगर आपका पार्टनर हर छोटी बात को ‘गिन’ रहा है, तो यह भावनात्मक दबाव बनाने का एक तरीका है, जो किसी भी हाल में हेल्दी नहीं है।
खुद की पड़ताल करें
इस मोड़ पर खड़े होकर खुद से कुछ ईमानदार सवाल पूछें। क्या वाकई आपके प्रयासों में कमी है? क्या आपके इमोशनल सपोर्ट को नजरअंदाज किया जा रहा है? अक्सर एक पार्टनर का काम ‘दिखता’ है और दूसरे का सिर्फ ‘महसूस’ होता है। सुनना, समझना और साथ खड़े रहना—ये चीजें किसी बैलेंस शीट पर नहीं उतरतीं, लेकिन रिश्ते की जान होती हैं।
बातचीत का सही तरीका
डॉ. जया के अनुसार, समाधान सिर्फ ‘कम्युनिकेशन’ है। लेकिन ध्यान रहे, यह बातचीत आरोप-प्रत्यारोप वाली न हो। अपनी बात शांति से रखें। ‘तुम हमेशा ऐसा करते हो’ कहने के बजाय ‘मुझे ऐसा महसूस होता है’ का प्रयोग करें। उन्हें बताएं कि जब वह हिसाब करते हैं, तो आपको प्यार के बजाय एक स्कोरकार्ड जैसा महसूस होता है, जो आपको आहत करता है।
आगे क्या करें?
बातचीत के बाद पार्टनर के रिएक्शन को गौर से देखें। क्या वह आपकी भावनाएं समझ रहा है? क्या वह बदलाव की कोशिश कर रहा है? अगर जवाब ‘हां’ है, तो काउंसलिंग की मदद से रिश्ता सुधर सकता है। लेकिन अगर वह आपकी तकलीफ को सिरे से खारिज कर दे, तो समझ लें कि यह एक गंभीर ‘रेड फ्लैग’ है।
निष्कर्ष: प्यार कोई प्रतियोगिता नहीं है
किसी भी रिश्ते में बराबरी जरूरी है, अकाउंटिंग नहीं। प्यार कोई एक्सेल शीट नहीं है जिसे डेटा से मैनेज किया जाए। अगर कोई रिश्ता आपको सुरक्षित, सम्मानित और सुकून महसूस कराता है, तो आप सही जगह हैं। लेकिन अगर वही रिश्ता आपको दोषी, थका हुआ और छोटा महसूस कराने लगे, तो अपनी आवाज उठाना जरूरी है। अपने रिश्ते का निष्पक्ष आकलन करें और अपनी खुशियों के लिए सही फैसला लें।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
