कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए मणिकर्णिका घाट के पुनरुद्धार को विरासत पर ‘प्रहार’ बताया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि जिस प्राचीन धरोहर का वर्णन गुप्त काल में मिलता है और जिसका जीर्णोद्धार लोकमाता अहिल्याबाई होलकर ने कराया था, उसे विकास के बहाने तुड़वाना एक अक्षम्य अपराध है।
खड़गे ने प्रधानमंत्री को घेरते हुए कहा कि ‘भोंडे सौंदर्यीकरण और व्यवसायीकरण’ की अंधी दौड़ में बनारस की सदियों पुरानी धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान पर बुलडोजर चला दिया गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है जैसे इतिहास की हर महान विरासत को मिटाकर वहां सिर्फ अपनी ‘नामपट्टिका’ चिपकाने की होड़ मची है।
उन्होंने चिंता जताई कि पहले काशी कॉरिडोर के नाम पर प्राचीन मंदिरों और देवालयों को जमींदोज किया गया और अब इन ऐतिहासिक घाटों की बारी है। खड़गे के अनुसार, काशी विश्व का वह प्राचीनतम जीवंत शहर है, जहाँ अध्यात्म, संस्कृति और इतिहास का ऐसा अनूठा संगम है जो पूरी दुनिया को अपनी ओर आकर्षित करता है।
अपने प्रहार को और कड़ा करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इस विनाश के पीछे ‘व्यावसायिक मित्रों’ को फायदा पहुंचाने की मंशा छिपी है? उन्होंने आरोप लगाया कि जल, जंगल और पहाड़ों को पूंजीपतियों के हवाले करने के बाद, अब देश की अनमोल सांस्कृतिक विरासत को भी उसी राह पर धकेला जा रहा है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
