Western Uttar Pradesh News(Awaremedia): पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में आज मेरठ सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला है। इसकी वजह है मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की एक ही दिन होने वाली रैलियां। मेरठ में योगी और ओवैसी की रैली को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। दोनों नेताओं के कार्यक्रम अलग-अलग जगहों पर रखे गए हैं लेकिन दोनों की मौजूदगी ने सियासी चर्चाओं को तेज कर दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेरठ के छावनी इलाके में स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम में पूर्व सैनिकों के एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के पहुंचने की उम्मीद है। योगी का आज का दौरा सिर्फ मेरठ तक सीमित नहीं रहेगा। उन्हें हापुड़ और अलीगढ़ भी जाना है।
मेरठ पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री लखनऊ से गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट आएंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर पहुंचेंगे। यहां पूर्णिमा गंगा मेले की तैयारियों का जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री कच्चा घाट लठीरा और गढ़मुक्तेश्वर इलाके में तिगरी मेले से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की जानकारी भी लेंगे।
दूसरी तरफ AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी भी मेरठ के नौचंदी मैदान में जनसभा करने पहुंचेंगे। चंद्रशेखर आजाद की पार्टी के साथ गठबंधन के बाद उत्तर प्रदेश में यह उनका पहला बड़ा कार्यक्रम माना जा रहा है। उनकी पार्टी का दावा है कि इस रैली में पश्चिमी यूपी के अलग अलग जिलों से बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल होंगे।
मेरठ में करीब 35 फीसदी मुस्लिम आबादी होने की वजह से ओवैसी की इस जनसभा को राजनीतिक नजरिए से काफी अहम माना जा रहा है। पश्चिमी यूपी में मुस्लिम वोटरों की भूमिका कई सीटों पर अहम रहती है। ऐसे में ओवैसी की रैली को आगामी चुनावी समीकरणों से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
एक तरफ योगी पूर्व सैनिकों के कार्यक्रम और गंगा मेले की तैयारियों में व्यस्त रहेंगे तो दूसरी तरफ ओवैसी अपनी जनसभा के जरिए समर्थकों के बीच राजनीतिक संदेश देंगे। अब देखना होगा कि मेरठ की इन दोनों रैलियों से पश्चिमी यूपी की राजनीति में क्या असर देखने को मिलता है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
