धनतेरस 2026 के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की जनता से खास अपील की है। उन्होंने लोगों से कहा है कि इस बार त्योहार की खरीदारी करते समय उत्तर प्रदेश के स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों के बनाए सामान को प्राथमिकता दें। मुख्यमंत्री ने ओडीओपी यानी एक जिला एक उत्पाद को उपहार के रूप में चुनने की अपील करते हुए कहा कि आपकी एक खरीदारी किसी हुनरमंद परिवार के घर में खुशहाली और सम्मान का दीप जला सकती है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धनतेरस और भगवान धन्वंतरि जयंती की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि धनतेरस समृद्धि और शुभता का पर्व है। ऐसे में त्योहार की खुशियों में उन कारीगरों को भी शामिल करना चाहिए जो अपनी मेहनत और हुनर से प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ा रहे हैं।
योगी ने भदोही के कालीन, प्रयागराज के मूंज शिल्प, मैनपुरी की तारकशी और चित्रकूट के लकड़ी से बने खिलौनों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ये उत्पाद उत्तर प्रदेश की खास पहचान हैं। प्रदेश का निर्यात वर्ष 2016-17 में करीब 84 हजार करोड़ रुपये था जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 2 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। मुख्यमंत्री ने इसे यहां के शिल्पकारों और दस्तकारों की मेहनत का नतीजा बताया।
उन्होंने लखनऊ और ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट के साथ भदोही के कालीन बाजार का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक इन माध्यमों से प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों को देश और दुनिया में पहचान मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल के संदेश को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि इस धनतेरस स्थानीय उत्पाद खरीदकर आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण में योगदान दें।
वहीं धनतेरस के अवसर पर लखनऊ में उत्तर प्रदेश पुलिस के चयनित 4 हजार 543 उप निरीक्षकों और प्लाटून कमांडरों को नियुक्ति पत्र भी दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


