‘हिंद की चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर को कांग्रेस नेताओं ने किया नमन, बलिदान और मूल्यों को किया याद
नई दिल्ली: सिख धर्म के नौवें गुरु, ‘हिंद की चादर’ के नाम से विख्यात श्री गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस पर कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताओं ने गुरु तेग बहादुर के सर्वोच्च बलिदान, मानवीय मूल्यों की रक्षा में उनके अद्वितीय त्याग और उनके उपदेशों को सदैव प्रेरणास्रोत बताया।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक मार्मिक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “हार और जीत आपकी सोच पर निर्भर करती है, मान लें तो हार, ठान लें तो जीत। मानवीय मूल्यों, समानता और सिद्धांतों की रक्षा हेतु अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सिख धर्म के नौवें गुरु, ‘हिंद की चादर’ धन-धन श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।”
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा, “सिख धर्म के नौवें गुरु, ‘हिंद की चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर की शहीदी दिवस पर उन्हें सादर नमन। उनके आदर्श, मूल्य, त्याग और बलिदान मानवता के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे।”
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने गुरु तेग बहादुर के अमूल्य योगदान को याद करते हुए लिखा, “सिख धर्म के नौवें गुरु श्री तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस पर उन्हें सादर नमन। गुरु तेग बहादुर जी ने धर्म, मानवता, सेवा, त्याग, प्रेम और एकता का प्रकाश फैलाकर विश्व को रास्ता दिखाया। उनके सबक सदैव हम सबका मार्गदर्शन करेंगे।”
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से गुरु तेग बहादुर को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “हम गुरु तेग बहादुर जी को उनके शहीदी दिवस पर अपनी विनम्र श्रद्धांजलि देते हैं। आजादी और इंसानियत के लिए उनका सबसे बड़ा बलिदान और उनकी हमेशा रहने वाली शिक्षाएं हमारे लाखों सिख भाइयों और बहनों और कई और लोगों के लिए एक रास्ता दिखाती हैं। आइए, अन्याय के खिलाफ़ खड़े होने और एकता और इंसानियत के मूल्यों को बनाए रखने के लिए उनके नक्शेकदम पर चलें।”
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी गुरु तेग बहादुर के बलिदान दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि व्यक्त की। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “सिख धर्म के नौवें गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि। उनका बलिदान सदा सत्य की रक्षा के लिए सर्वस्व न्योछावर करने की प्रेरणा देता रहेगा। शत शत नमन।”
इन श्रद्धांजलियों के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने श्री गुरु तेग बहादुर के जीवन दर्शन और उनके बलिदान को याद किया, जो आज भी मानवता के लिए प्रासंगिक हैं। (आईएएनएस)
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


