सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमलावर रुख अपनाते हुए कहा, ‘‘इस भ्रष्टाचार के खिलाफ हम न केवल कागजी प्रमाण बल्कि ठोस ऑडियो-वीडियो सबूत भी जुटाएंगे, ताकि इन भाजपाइयों के असली चेहरे दुनिया के सामने लाए जा सकें।’’
उन्होंने आगाह किया कि अब जनता को ही अपनी गाढ़ी कमाई के टैक्स को लुटने से बचाना होगा, क्योंकि भाजपा ने भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने वाली तमाम संस्थाओं को ध्वस्त कर दिया है। यादव के अनुसार, हताश जनता को अब न्याय की उम्मीद केवल सोशल मीडिया और सिटिजन जर्नलिज्म से ही बची है।
भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए अखिलेश ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल को अपनी विदाई का आभास हो गया है। उन्हें पता है कि यह उनका ‘‘आखिरी कार्यकाल’’ है, इसीलिए उनके नेता ‘‘दसों हाथों से माल बटोरने’’ की होड़ में लगे हैं।
सपा अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि प्रदेश की जागरूक जनता भाजपा के इन ‘‘नापाक मंसूबों’’ को कभी सफल नहीं होने देगी।
गौरतलब है कि यह सियासी घमासान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद तेज हुआ है। रविवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने ‘जन भवन’ में छह नए चेहरों समेत कुल आठ मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई थी। हालांकि, नई टीम के बीच विभागों का बंटवारा होना अभी बाकी है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
