गरीबों पर बुलडोजर, अमीरों को जमीन: राहुल गांधी का गुजरात मॉडल पर तीखा प्रहार
गांधीनगर: कांग्रेस के दिग्गज नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता, राहुल गांधी ने गुजरात के गांधीनगर में एक गरीब बस्ती पर हुई कार्रवाई को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने इस घटना को “गुजरात मॉडल” का नंगा सच करार देते हुए कहा कि बीजेपी असली जनादेश से सरकार बनाने में असमर्थ है और संस्थानों पर कब्जा कर, चोरी-छिपे सत्ता हासिल करती है।
‘बुलडोजर’ बनाम ‘अडानी’:
गांधीनगर की पेथापुर झुग्गी बस्ती में 400 से अधिक घरों को ‘अवैध’ बताकर गिराए जाने का जिक्र करते हुए, राहुल गांधी ने ट्वीट किया, “गुजरात मॉडल साफ है – दलितों, पिछड़ों और गरीबों के लिए बुलडोजर, जबकि अडानी के लिए हजारों एकड़ जमीन मुफ्त में या मात्र 1 रुपये की।” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जिन गरीबों के घर तोड़े गए, उनके पास बिजली बिल, टैक्स रसीदें, राशन कार्ड, आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र जैसे सभी वैध दस्तावेज मौजूद थे।
‘लोकतंत्र की चोरी’ का आरोप:
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार गरीबों के अधिकारों पर डाका डाल रही है और देश की संपत्ति को अपने चंद अरबपति मित्रों की झोली में डाल रही है। उन्होंने कहा, “बीजेपी को साफ पता है कि वे असली जनादेश के जरिये सरकार नहीं बना सकते। उनकी सरकार चोरी से और संस्थाओं पर कब्ज़ा कर बनती है।” उन्होंने यह भी दावा किया कि ऐसे मामले सिर्फ गुजरात में नहीं, बल्कि दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में भी लगातार सामने आ रहे हैं।
‘हम चोरी नहीं चलने देंगे’:
गांधीनगर की घटना में लोगों के पास अदालती स्थगन आदेश होने के बावजूद तोड़फोड़ की कार्रवाई होने का जिक्र करते हुए, राहुल गांधी ने कहा कि भारत का लोकतंत्र जनता के अधिकारों के लिए है और यह उनके लिए ही चलेगा। उन्होंने दृढ़ता से कहा, “बीजेपी एवं उसके मित्रों की देश से चोरी हम चलने नहीं देंगे।”
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
