AMN. राजस्थान में इन दिनों लोगों को भीषण गर्मी का कहर झेलना पड़ रहा है. राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया है. अब फलौदी राज्य का सबसे गर्म स्थान है, जहां पारा 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.
मौसम विभाग द्वारा अधिकतम तापमान जैसलमेर में 46.1 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 45.8 डिग्री, बाड़मेर और बीकानेर में 45.2 डिग्री, कोटा में 44.8 डिग्री, जोधपुर में 44.7 डिग्री और श्रीगंगानगर में 44.4 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं, राजधानी जयपुर में भी भीषण गर्मी पड़ रही है. यहां अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. अजमेर में अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री, भीलवाड़ा में 43 डिग्री, सीकर में 42 डिग्री और चूरू में 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दक्षिण-पूर्वी जिलों में भी अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
हालांकि, भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग की ओर से बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है. विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में बीकानेर संभाग के उत्तरी हिस्सों, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर और भरतपुर संभाग में मेघगर्जन के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है.
इन जिलों के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है
मौसम विभाग ने फलोदी जिले में भीषण गर्मी और गर्म रात को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है. विभाग की ओर से जोधपुर, बीकानेर और श्रीगंगानगर जिलों में भीषण गर्मी की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. विभाग ने बाड़मेर, जैसलमेर, कोटा, बूंदी, चित्तौड़गढ़ और जालौर समेत कई जिलों में लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.
पीसी:नवभारतटाइम्स.इंडियाटाइम्स
अपडेटेड खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप चैनल को फॉलो करें
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
