रांची के बस स्टैंड होंगे विश्वस्तरीय, 48.72 करोड़ की लागत से होगा कायाकल्प
राजधानी रांची के तीन प्रमुख बस स्टैंड – आईटीआई, सरकारी बस डिपो और बिरसा मुंडा बस टर्मिनल (खादगढ़ा) – अब राष्ट्रीय मानकों के अनुसार अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर, नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार ने कुल 48.72 करोड़ रुपये की लागत से इन टर्मिनलों के आधुनिकीकरण, नवीनीकरण और जीर्णोद्धार की स्वीकृति दी है।
आइटीआइ बस स्टैंड: बनेगा आधुनिक सुविधाओं का केंद्र
तीन एकड़ में फैले आइटीआइ बस स्टैंड को 24.77 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा। यहां ग्राउंड फ्लोर पर 2330 वर्गमीटर और फर्स्ट फ्लोर पर 880 वर्गमीटर में टर्मिनल भवन का निर्माण होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए ड्राइवर कैंटीन, मेंटेनेंस शेड, गार्ड रूम, प्रतीक्षालय, कार, ऑटो और ई-रिक्शा पार्किंग के साथ-साथ फर्स्ट फ्लोर पर रेस्टोरेंट, प्रशासनिक भवन, टिकट काउंटर, डॉरमेट्री, लॉकर युक्त गेस्ट रूम और लैंडस्केपिंग की व्यवस्था की जाएगी। इस टर्मिनल से रोजाना 416 बसें संचालित होंगी।
सरकारी बस डिपो: 60 साल बाद नए रूप में
1962 से 1970 के बीच निर्मित जर्जर सरकारी बस डिपो का 20.19 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्निर्माण किया जाएगा। इंडियन रोड कांग्रेस के मानकों के अनुसार, नए भवन में 1771 वर्गमीटर ग्राउंड फ्लोर और 845 वर्गमीटर फर्स्ट फ्लोर पर आधुनिक सुविधाएं होंगी। यहां गार्ड रूम, मेंटेनेंस एरिया, डॉरमेट्री, प्रतीक्षालय, फूड कियोस्क, बस वे, स्लाइडिंग गेट, कार और ऑटो स्टैंड जैसी सुविधाएं मिलेंगी। यहां रोजाना लगभग 512 बसें परिचालित होंगी।
बिरसा मुंडा बस टर्मिनल: सुविधाओं का होगा विस्तार
खादगढ़ा स्थित बिरसा मुंडा बस टर्मिनल को 3.76 करोड़ रुपये की लागत से बेहतर और आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। 11.6 एकड़ के परिसर में 31 बस वे, 89 बसों और 70 कारों की पार्किंग, स्मार्ट शेड, 50 बेड की डॉरमेट्री, रेस्टरूम, स्नानागार, गेस्टहाउस, हाईमास्ट लाइट और महिला सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की जाएगी। साथ ही, परिसर का सौंदर्यीकरण और लैंडस्केपिंग भी की जाएगी।
जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
प्रधान सचिव सुनील कुमार ने जुडको को निर्देश दिया है कि तीनों बस टर्मिनलों के टेंडर जल्द जारी कर कार्य शुरू किया जाए। परियोजनाएं पूरी होने के बाद, रांची के बस टर्मिनल न केवल राज्य बल्कि राष्ट्रीय स्तर के मॉडल टर्मिनल बनेंगे, बल्कि यहां यात्रियों को सुरक्षा, स्वच्छता और आधुनिक सुविधाओं का बेहतर अनुभव मिलेगा।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
