सीवान में पुलिस का बड़ा एक्शन: विधायक ओसामा शहाब के ठिकानों पर छापेमारी, भू-माफियाओं को DIG की सीधी चेतावनी
बिहार के सीवान में कानून का शिकंजा कसता नजर आ रहा है। एक चिकित्सक दंपति की जमीन पर कथित अवैध कब्जे और रंगदारी के गंभीर आरोपों के बीच, पुलिस ने सोमवार को रघुनाथपुर से आरजेडी विधायक ओसामा शहाब के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। हालांकि, इस कार्रवाई के दौरान विधायक पुलिस के हाथ नहीं लगे। इस पूरे अभियान का नेतृत्व सारण रेंज के डीआईजी नीलेश कुमार और सीवान के एसपी पुरन कुमार झा खुद कर रहे थे।
पुलिस की विशेष टीमों ने एक साथ हुसैनगंज थाना क्षेत्र के प्रतापपुर स्थित विधायक के पैतृक आवास और नगर थाना क्षेत्र के नया किला स्थित उनके घर पर धावा बोला और सघन तलाशी ली। छापेमारी के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए डीआईजी नीलेश कुमार ने कड़े लहजे में भू-माफियाओं को ललकारा। उन्होंने कहा, “हम उन सभी को साफ चेतावनी देते हैं जो किसी गरीब या लाचार की जमीन कब्जाने की कोशिश कर रहे हैं। सीवान पुलिस पूरी तरह तैयार है और ऐसे तत्वों के खिलाफ बेहद सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।”
मामले की पृष्ठभूमि साझा करते हुए डीआईजी ने बताया कि महादेवा थाना क्षेत्र में एक डॉक्टर दंपति की जमीन को रंगदारी के बल पर हड़पने का मामला प्रकाश में आया था, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस अनुसंधान में इस केस से जुड़े कई पुख्ता साक्ष्य हाथ लगे हैं। इन्हीं सबूतों के आधार पर न्यायालय से विधिवत वारंट प्राप्त कर यह छापेमारी की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं, लेकिन जल्द ही अगली कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
डीआईजी नीलेश कुमार ने अपराधियों को दो टूक संदेश देते हुए कहा कि वे रंगदारी और गलत काम का रास्ता छोड़ दें, वरना पुलिस उनसे सख्ती से निपटेगी। पुलिस की इस आक्रामक कार्रवाई और चेतावनी के बाद पूरे सीवान में चर्चाओं का बाजार गर्म है। पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान इस विवादित मामले में विधायक ओसामा शहाब समेत कई अन्य प्रभावशाली लोगों के नाम भी उजागर हुए हैं, जिससे आने वाले दिनों में बड़ी कार्रवाई के संकेत मिल रहे हैं।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
