Haryana News: अंबाला कैंट में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई है। हाईवे जाम खुलवाने की कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर अचानक हमला किया गया, जिसमें करीब 6-7 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। इस हमले में डीएसपी वीरेंद्र शर्मा को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (DGP) अजय सिंघल स्वयं मिलिट्री हॉस्पिटल और नागरिक अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल जवानों का हालचाल जाना, चिकित्सकों से उनके उपचार की जानकारी ली और घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। डीजीपी अजय सिंघल ने जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि हरियाणा पुलिस अपने जवानों के साथ चट्टान की तरह खड़ी है। उन्होंने ड्यूटी के दौरान चोटिल हुए पुलिसकर्मियों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और अटूट समर्पण की जमकर सराहना की।
हाईवे खुलवाने के दौरान पुलिस पर हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंबाला कैंट में हाईवे जाम खुलवाने के दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। प्रारंभिक रिपोर्टों के मुताबिक, इस हमले में 6-7 पुलिसकर्मी लहूलुहान हुए हैं। गौरतलब है कि पुलिसकर्मी आमजन की सुविधा और यातायात सुचारू रखने के लिए पूरी जिम्मेदारी और संयम के साथ स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे थे, तभी इस हमले की घटना हुई।
घायल पुलिसकर्मियों में डीएसपी वीरेंद्र शर्मा की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। अन्य घायल होने वालों में सिपाही रक्षित, नवीन कुमार, हेड कांस्टेबल संदीप कुमार, सहायक उप निरीक्षक सतीश तथा एएसआई पंकज (जिनकी उंगलियों पर चोट आई है) शामिल हैं। इसके अलावा कई अन्य पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी सूचना मिली है।
कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता
डीजीपी अजय सिंघल ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और पुलिसकर्मी पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखें, कानून को अपने हाथ में न लें और सार्वजनिक मार्गों को बाधित कर व्यवस्था बिगाड़ने से बचें। इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक पंकज नैन, उपायुक्त सचिन गुप्ता और एसडीएम कनिका गोयल भी मौके पर मौजूद रहे।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
