जयपुर. नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने राज्य सरकार से जयपुर के खोह नागोरियान में हुई दुखद घटना की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है. इस संबंध में उन्होंने एक्स के माध्यम से कहा कि जयपुर के खोह नागोरियान की दर्दनाक घटना ने राजस्थान की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक भ्रष्टाचार की पोल खोल दी है.
थाने के पीछे महीनों से अवैध पटाखा फैक्ट्री चल रही थी, लेकिन प्रशासन और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी या वे जानबूझकर आंखें मूंदे रहे? 8 लोगों का जिंदा जलना कोई सामान्य हादसा नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार, लापरवाही और संरक्षणवादी राजनीति का नतीजा है.
आरएलपी सांसद बेनीवाल ने कहा कि जब थाने के पीछे अवैध कारोबार फल-फूल रहा था तो जिम्मेदार अधिकारी क्या कर रहे थे? आखिर किसके संरक्षण में चल रहा था मौत का ये कारोबार?
मैं राजस्थान सरकार से मांग करता हूं कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाए और मृतकों के परिवारों को उचित आर्थिक पैकेज दिया जाए. इस पूरे मामले में जयपुर पुलिस कमिश्नरेट और सरकार के इंटेलिजेंस की बड़ी विफलता है और जनता जानना चाहती है कि 11 महीने से चल रही अवैध फैक्ट्री पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई.
राजस्थान सरकार की प्रशासनिक विफलता और भ्रष्टाचार अब लोगों की जान ले रहा है.
उन्होंने कहा कि सरकार को संबंधित डीसीपी और एसएचओ समेत अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर संदेश देना चाहिए. राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को समझना चाहिए कि राजस्थान सरकार की प्रशासनिक विफलता और भ्रष्टाचार अब लोगों की जान लेने लगा है और यह हादसा इसका बड़ा उदाहरण है.
PC:भास्कर
अपडेटेड खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप चैनल को फॉलो करें
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
