चाहे हॉस्टल में रहने वाले छात्र हों या घर में अचानक गर्म पानी की जरूरत, इलेक्ट्रिक कैटल आज के दौर में एक जरूरी साथी बन गई है। कई लोग तो इसका इस्तेमाल दिन में कई-कई बार करते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसके रखरखाव का गलत तरीका इसे समय से पहले खराब कर सकता है? अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि उनकी कैटल चालू तो है, उसकी लाइट भी जल रही है, पर पानी गर्म नहीं हो रहा। अगर आप भी इसे खराब समझकर फेंकने की सोच रहे हैं, तो रुकिए! इन स्मार्ट टिप्स को आजमाकर आप अपनी कैटल को दोबारा जिंदा कर सकते हैं।
Electric Kettle अचानक बंद हो जाए तो क्या करें?
अगर आपकी कैटल ने अचानक काम करना बंद कर दिया है, तो सबसे पहले इसके प्लग की जांच करें। कई बार प्लग ढीला होने की वजह से बिजली का प्रवाह रुक जाता है। ढीले प्लग में कैटल चलाने से स्पार्किंग का खतरा भी रहता है, जो खतरनाक हो सकता है। ऐसी स्थिति में प्लग को सॉकेट से निकालकर दो-तीन बार दोबारा लगाएं। यदि मशीन के अंदरूनी हिस्सों में कोई बड़ी खराबी नहीं है, तो यह तुरंत काम करना शुरू कर देगी।
स्विच बोर्ड की भी लें खबर
मुमकिन है कि समस्या कैटल में नहीं, बल्कि उस स्विच बोर्ड में हो जिसका आप इस्तेमाल कर रहे हैं। बोर्ड के अंदर के तार ढीले होने पर बिजली की सप्लाई बाधित हो जाती है। अपनी केतली की कार्यक्षमता जांचने के लिए उसे घर के किसी दूसरे कमरे के बोर्ड में लगाकर देखें। अक्सर बोर्ड बदलते ही कैटल सही तरह से काम करने लगती है।
एक्सटेंशन बोर्ड का पेंच
इलेक्ट्रिक कैटल की वायर आमतौर पर काफी छोटी होती है। किचन स्लैब पर स्विच न होने की स्थिति में लोग अक्सर एक्सटेंशन बोर्ड का सहारा लेते हैं। अगर आपका एक्सटेंशन बोर्ड लोड नहीं झेल पा रहा या उसमें खराबी है, तो कैटल तक बिजली नहीं पहुंचेगी। इसलिए, एक बार सीधे मुख्य पावर प्लग का उपयोग करके जरूर देखें।
जब पानी हो जाए ओवरहीट
कई बार हम यह समझ नहीं पाते कि कैटल चलते-चलते अचानक क्यों रुक गई। दरअसल, आधुनिक कैटल्स में सुरक्षा के लिए ‘ऑटो-कट’ फीचर होता है। जब पानी एक तय सीमा से अधिक गर्म या ओवरहीट हो जाता है, तो कैटल अपने आप बंद हो जाती है। ऐसी स्थिति में थोड़ा धैर्य रखें, पानी बदलें और कुछ देर रुककर दोबारा चालू करें। यह छोटा सा ब्रेक आपकी केतली को फिर से चालू कर सकता है।
बेस प्लेट की सफाई है जरूरी
कैटल के काम न करने की एक बड़ी वजह बेस प्लेट और केतली के बीच का खराब तालमेल हो सकता है। अगर कैटल बेस प्लेट पर सही तरीके से नहीं रखी है या बेस पर गंदगी/धूल जमी है, तो बिजली का कनेक्शन ठीक से नहीं बन पाता। स्विच बंद करें, बेस प्लेट को सूखे कपड़े से साफ करें और कैटल को ठीक से फिट करें। बस इतना सा करने से आपकी कैटल वापस अपनी पुरानी रफ्तार में लौट आएगी।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
