एपल का ‘एयर’ मॉडल उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा, आईफोन एयर 2 की लॉन्चिंग टली, जानें क्या है वजह
इस साल एपल का सबसे पतला आईफोन ‘एयर’ अपने शानदार डिजाइन के चलते चर्चाओं में रहा, लेकिन बिक्री के मोर्चे पर यह उम्मीदों पर खरा उतरता नहीं दिख रहा। नतीजतन, कंपनी ने आईफोन ‘एयर’ की अगली पीढ़ी, आईफोन ‘एयर 2’ को लॉन्च करने की योजना को फिलहाल टाल दिया है।
2027 में दस्तक दे सकता है आईफोन ‘एयर 2’
शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, आईफोन ‘एयर 2’ को सितंबर 2026 में आईफोन 18 प्रो सीरीज़ के साथ पेश किया जाना था। लेकिन, अब ताजा अटकलें ये हैं कि यह फोन 2027 में आईफोन 18 और आईफोन 18e के साथ बाज़ार में उतारा जाएगा। आईफोन ‘एयर’ के लॉन्च हुए कुछ ही महीने हुए हैं, लेकिन अभी तक इस डिवाइस की डिमांड में खास उछाल देखने को नहीं मिला है। घटती बिक्री के चलते एपल ने इसके उत्पादन में भी कटौती कर दी है। यहाँ तक कि एपल के मुख्य मैन्युफैक्चरिंग पार्टनर फॉक्सकॉन ने भी प्रोडक्शन लाइनों को लगभग बंद कर दिया है। कहा जा रहा है कि इस महीने के अंत तक आईफोन ‘एयर’ का उत्पादन पूरी तरह रोक दिया जाएगा।
क्यों नहीं मिल रही आईफोन ‘एयर’ को ग्राहक?
आईफोन ‘एयर’ का स्लिम डिज़ाइन और पतलापन शायद लोगों को भा गया हो, लेकिन इसके फीचर्स ने उपभोक्ताओं को निराश किया है। इस फोन में पीछे की तरफ सिर्फ एक कैमरा लेंस, छोटी बैटरी और एक ही स्पीकर दिया गया है। वहीं, इसकी कीमत भारतीय बाज़ार में 1,19,900 रुपये रखी गई है। इस कीमत पर, ज़्यादातर ग्राहक थोड़ा अतिरिक्त खर्च कर 1,34,900 रुपये में आईफोन 17 प्रो खरीदने को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिसमें ट्रिपल कैमरा, बड़ी बैटरी और कई प्रीमियम फीचर्स शामिल हैं।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
