Varanasi news(Awaremedia): उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले वाराणसी MLC चुनाव के नतीजों ने बीजेपी की चिंता बढ़ा दी है। वाराणसी की शिक्षक और स्नातक दोनों सीटों पर समाजवादी पार्टी ने जीत हासिल की है। खास बात यह है कि बीजेपी ने इस चुनाव में पूरी ताकत लगाई थी। मंत्री विधायक और संगठन के बड़े नेता लगातार प्रचार में जुटे थे लेकिन इसके बाद भी पार्टी दोनों सीटें नहीं बचा सकी।
उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों के नतीजे सामने आ चुके हैं। इनमें बीजेपी को छह सीटों पर जीत मिली है जबकि समाजवादी पार्टी ने पांच सीटें अपने नाम की हैं। हालांकि वाराणसी की दोनों सीटों पर सपा की जीत ने सबसे ज्यादा चर्चा बटोरी है। सपा ने शिक्षक सीट पर लाल बिहारी यादव और स्नातक सीट पर आशुतोष सिन्हा के जरिए अपनी पकड़ बनाए रखी है।
इस चुनाव में बीजेपी की नई टीम की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि और जिला अध्यक्ष राम सकल पटेल की टीम के सामने यह पहला बड़ा चुनाव था। पार्टी के लिए यह मौका अपनी संगठन की ताकत दिखाने का था लेकिन नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे।
चुनाव के दौरान बीजेपी नेताओं ने कई बैठकें कीं और वोटरों से सीधे संपर्क भी साधा। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्थानीय विधायक मेयर और दूसरे बड़े नेता भी प्रचार में लगे रहे। इसके बावजूद सपा दोनों सीटों पर जीतने में कामयाब रही। इससे बीजेपी के संगठन और चुनावी तैयारी को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
दिलचस्प बात यह है कि साल 2020 के एमएलसी चुनाव में भी वाराणसी की दोनों सीटों पर समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की थी। इस बार भी सपा ने अपना कब्जा बरकरार रखा है।
उधर वाराणसी के सभी आठ विधायक 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए जनता के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाने में जुटे हैं। जनसुनवाई से लेकर सरकारी योजनाओं के प्रचार तक कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। विधायक जनता का भरोसा अपने साथ होने की बात कह रहे हैं।
हालांकि वाराणसी MLC चुनाव के नतीजों ने बीजेपी के सामने संगठन और जनसंपर्क को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। राजनीतिक जानकार इसे 2027 के चुनाव से पहले पार्टी के लिए एक अहम संकेत मान रहे हैं। अब देखना होगा कि बीजेपी अपनी नई टीम में क्या बदलाव करती है और आने वाले दिनों में चुनावी तैयारी को किस तरह आगे बढ़ाती है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
