Uttar Pradesh News(Awaremedia): उत्तर प्रदेश में यूपी चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी ने अभी से अपनी तैयारी तेज कर दी है। पार्टी ने विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट में छूटे हुए लोगों के नाम जुड़वाने के लिए बड़ा अभियान चलाने का फैसला किया है। शुक्रवार को लखनऊ में हुई बीजेपी की अहम बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को अगले एक महीने तक इसी काम में जुटने का निर्देश दिया।
इस बैठक में दोनों उपमुख्यमंत्री प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और सभी जिलों के जिलाध्यक्ष मौजूद रहे। बैठक का मुख्य मुद्दा मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण यानी SSR रहा। पार्टी चाहती है कि जिन लोगों के नाम किसी वजह से वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हो पाए हैं उनके नाम समय रहते जुड़वा दिए जाएं।
जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश में 17 नवंबर से मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण शुरू होने जा रहा है। इसे देखते हुए बीजेपी ने बूथ स्तर पर अपनी टीमों को सक्रिय करने की तैयारी कर ली है। मुख्यमंत्री योगी ने साफ कहा कि कार्यकर्ता अगले एक महीने तक अपने दूसरे काम छोड़कर वोटर जोड़ने के अभियान में पूरी ताकत लगा दें।
सीएम योगी ने बैठक में दावा किया कि यूपी में 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से कट गए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐसे लोगों की पहचान करने और उनके नाम दोबारा जुड़वाने पर खास ध्यान देने को कहा। महिला और युवा मतदाताओं को भी इस अभियान में प्राथमिकता देने की बात कही गई है।
इस काम को तेजी से पूरा करने के लिए बीजेपी कमल साथी ऐप का इस्तेमाल करेगी। कार्यकर्ता ऐप के जरिए लोगों से संपर्क करेंगे और नाम जुड़वाने में उनकी मदद करेंगे। इसके अलावा बूथ और विधानसभा स्तर पर आंकड़ों की निगरानी भी की जाएगी। कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में कैंप लगाकर नए वोटरों को जोड़ने की योजना है।
दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी के बयान पर सवाल उठाते हुए इसे साजिश बताया है। ऐसे में वोटर लिस्ट को लेकर यूपी की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है। अब देखना होगा कि बीजेपी का यह अभियान आने वाले चुनाव में कितना असर दिखाता है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


