UTTAR PARDESH (Awaremedia): उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से सियासी तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने अपने कार्यकर्ताओं को ऐसी चेतावनी दी है जो आने वाले चुनाव में पार्टी की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है। शिवपाल ने साफ कहा है कि कोई भी कार्यकर्ता अपनी भाषा पर लगाम रखे और किसी को धमकी देने वाली बात बिल्कुल न करे।
शिवपाल यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा है कि अगर कोई नेता या कार्यकर्ता किसी को धमकी देता है या फिर यह कहता है कि चुनाव होने दो और सरकार बनने दो फिर सबका हिसाब करेंगे तो ऐसे व्यक्ति को पार्टी में जगह नहीं मिलेगी। उन्होंने साफ निर्देश दिया है कि इस तरह की बातें करने वाले कार्यकर्ता को तुरंत पार्टी से बाहर कर दिया जाए।
शिवपाल ने इसके पीछे बीजेपी की संभावित रणनीति का भी जिक्र किया है। उनका मानना है कि विरोधी दल के लोग समाजवादी पार्टी को बदनाम करने के लिए ऐसा माहौल बना सकते हैं। हो सकता है कि किसी दूसरे व्यक्ति से सपा कार्यकर्ता के नाम पर धमकी भरे बयान दिलवाए जाएं और बाद में उसे पार्टी के खिलाफ इस्तेमाल किया जाए।
इसलिए उन्होंने कार्यकर्ताओं को संभलकर बोलने और किसी भी तरह की ऐसी बयानबाजी से बचने की सलाह दी है जिससे पार्टी की छवि खराब हो।
दरअसल शिवपाल की इस नसीहत को 2022 के विधानसभा चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है। उस समय बीजेपी ने समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की कुछ बयानों को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा था। चुनाव प्रचार के दौरान सत्ता में आने पर हिसाब करने जैसी बातों को बीजेपी ने सपा के खिलाफ मुद्दा बनाया था।
अब 2027 के चुनाव से पहले शिवपाल नहीं चाहते कि पार्टी फिर से उसी तरह की गलती करे। यही वजह है कि उन्होंने अभी से कार्यकर्ताओं को साफ संदेश दे दिया है कि चुनाव जीतने की तैयारी करो लेकिन किसी को डराने या धमकाने वाली भाषा का इस्तेमाल मत करो।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


