पूर्णिया का चौपाल: जनता के सवालों से गरमाई सियासत, नेताओं के विकास दावों पर उठे प्रश्न
पूर्णिया: ग्रीन सिटी पार्क में अवेयर मीडिया न्यूज़ द्वारा आयोजित चौपाल में पूर्णिया की जनता ने अपने जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद किया। इस दौरान पलायन, भ्रष्टाचार, मखाना बोर्ड की साजिश और कॉलेज शिक्षा की ढुलमुल व्यवस्था जैसे मुद्दे हावी रहे। सत्ता पक्ष ने जहाँ हर क्षेत्र में विकास के दावों को दोहराया और डबल इंजन की सरकार को विकास के प्रति संकल्पित बताया, वहीं विपक्षी दलों ने भी जमकर अपनी बात रखी।
जनता ने माँगा विज़न, नेता करते रह गए दावे
चौपाल में पूर्णिया के विकास को लेकर जनता के सवालों का सिलसिला जारी रहा। अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम के निर्माण की मांग से लेकर पलायन की समस्या के स्थायी समाधान तक, हर मुद्दे पर जनता ने नेताओं से जवाबदेही मांगी। छात्रों ने शिक्षा की गुणवत्ता पर लगातार सवाल उठाए, तो नेताओं ने उन्हें सुधार का आश्वासन दिया।
मंच पर मौजूद थे विभिन्न दलों के प्रतिनिधि
इस महत्वपूर्ण चौपाल में भाजपा विधायक विजय खेमका के प्रतिनिधि संजय कुमार सिंह, कांग्रेस नेता जीतेंद्र यादव के प्रतिनिधि राजेश कुमार झा, जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश कुमार, सांसद पप्पू यादव के प्रतिनिधि राजेश यादव, माकपा के जिला सचिव राजीव कुमार सिंह, राजद के जिला प्रवक्ता डाॅ आलोक राज एवं जनसुराज पार्टी के नेता संतोष कुमार सिंह प्रमुखता से उपस्थित थे।
तीखे सवालों से हुई तीखी नोकझोंक
चौपाल में जनता द्वारा पूछे गए तीखे सवालों ने नेताओं को कई बार असहज कर दिया, जिससे कई बार तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। खेती-किसानी, सड़क-पुलिया से लेकर म्यूटेशन और जमाबंदी में भ्रष्टाचार तक, हर स्तर के मुद्दों को उठाया गया। जनता ने जानना चाहा कि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए उनके जन प्रतिनिधि क्या कदम उठा रहे हैं।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


