बॉलीवुड के फकीर का अचानक बिछड़ना: ऋषभ टंडन के निधन से इंडस्ट्री में शोक की लहर
नई दिल्ली: मनोरंजन जगत पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बॉलीवुड के जाने-माने गायक और अभिनेता ऋषभ टंडन, जिन्हें फैंस ‘फकीर’ के नाम से जानते थे, का 21 अक्टूबर 2025 को दिल्ली में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। यह दुखद घटना उस वक्त हुई जब वे दिवाली मनाने अपने परिवार के साथ आए हुए थे।
करवा चौथ के 12 दिन बाद बिछड़ गए पति-पत्नी
ऋषभ टंडन की अचानक मौत की खबर ने उनके चाहने वालों और पूरी फिल्म इंडस्ट्री को गहरा सदमा पहुंचाया है। इस खबर का दुख और भी गहरा तब हो जाता है जब पता चलता है कि महज 12 दिन पहले ही ऋषभ ने अपनी पत्नी के साथ करवा चौथ का पर्व बड़े प्यार से मनाया था।
कौन थीं ऋषभ टंडन की रशियन पत्नी ओलेस्या?
ऋषभ टंडन मुंबई में अपनी पत्नी ओलेस्या नेडोबेगोवा के साथ रहते थे। ओलेस्या मूल रूप से रूस की हैं। एक पुराने इंटरव्यू में 35 वर्षीय ऋषभ ने बताया था कि उनकी मुलाकात उज्बेकिस्तान में शूटिंग के दौरान हुई थी। ओलेस्या उनकी एक डिजिटल सीरीज की लाइन प्रोड्यूसर थीं। वहीं से दोनों की दोस्ती परवान चढ़ी, जो प्यार में बदली और आखिरकार उन्होंने शादी कर ली। ओलेस्या सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं। उन्होंने हाल ही में अपने पति के साथ करवा चौथ के जश्न की तस्वीरें साझा की थीं, जिनमें दोनों मुस्कुराते हुए चांद को निहार रहे थे।
रशियन पत्नी ओलेस्या का भावुक पोस्ट
पति ऋषभ टंडन के आकस्मिक निधन के बाद, ओलेस्या नेडोबेगोवा ने सोशल मीडिया पर कुछ पुरानी तस्वीरें साझा करते हुए एक दिल छू लेने वाला संदेश लिखा है। उन्होंने लिखा, “मुझे शब्द नहीं मिल रहे, तुम मुझे छोड़कर चले गए, मेरे प्यारे पति, मेरे दोस्त, मेरे साथी। मैं वादा करती हूं कि तुम्हारे सारे सपने पूरे करूंगी। तुम मरे नहीं हो, तुम हमेशा मेरे साथ हो, मेरी आत्मा, मेरा दिल, मेरा प्यार, मेरे राजा।”
निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में रहे थे ऋषभ
अपने करियर के दौरान ऋषभ टंडन कई बार अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी सुर्खियों में रहे थे। टीवी अभिनेत्री सारा खान के साथ उनके कथित रिश्ते की खबरें काफी चर्चा में थीं। एक बार सारा खान की सिंदूर लगी तस्वीर वायरल होने के बाद दोनों की शादी की अफवाहें उड़ी थीं। हालांकि सारा ने बाद में इन अफवाहों को खारिज कर दिया था, लेकिन यह बात सामने आई थी कि दोनों का लंबे समय तक अफेयर चला था।
संगीत जगत में छाई शोक की लहर
ऋषभ टंडन का जाना संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके करीबी दोस्तों और फैंस ने सोशल मीडिया पर उन्हें एक संवेदनशील, विनम्र और आत्मीय कलाकार बताया है। उनके प्रसिद्ध गाने, ‘ये आशिकी’, ‘चांद तू’, ‘धू धू कर के’ और ‘फकीर की जुबानी’, उन्हें हमेशा के लिए यादगार बना गए हैं।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


