2026: सिनेमा के पर्दे पर सजेंगी नई जोड़ियां, बदलेंगे किस्मत के नजारे!
मनोरंजन
शाशांक मणि पांडे
प्रकाशित: गुरुवार, 18 दिसंबर 2025, 7:10 [IST]
हर बार की तरह, 2025 में भी हमें कई नई ऑन-स्क्रीन जोड़ियों ने खूब लुभाया। लेकिन 2026, सिनेमा प्रेमियों के लिए और भी बड़े सरप्राइज़ लेकर आ रहा है! अगले साल, बड़े पर्दे पर कई ऐसी फ्रेश जोड़ियां पहली बार साथ दिखेंगी, जिनसे नई केमेस्ट्री, नए अंदाज़ और ज़बरदस्त कहानियों की उम्मीद जगी है। रोमांटिक ड्रामा से लेकर एक्शन और पैन-इंडिया तक, ये अनोखी जोड़ियां 2026 को यादगार बनाने को तैयार हैं।
मृणाल ठाकुर-सिद्धांत चतुर्वेदी: प्यार का नया अंदाज़
2026 की सबसे ज़्यादा चर्चाओं में रहने वाली जोड़ियों में मृणाल ठाकुर और सिद्धांत चतुर्वेदी का नाम सबसे ऊपर है। यह जोड़ी रवि उदयवार निर्देशित रोमांटिक ड्रामा ‘दो दीवाने शहर में’ में पहली बार दिखेगी। संजय लीला भंसाली के समर्थन वाली यह फिल्म, 20 फरवरी 2026 को वेलेंटाइन वीक में प्यार को एक संजीदा और आधुनिक नज़रिए से पेश करेगी।
कार्तिक आर्यन-श्रीलीला: संगीत और इमोशन का संगम
अनुराग बसु की आने वाली रोमांटिक म्यूज़िकल फिल्म ‘तू मेरी ज़िंदगी है’ में कार्तिक आर्यन और श्रीलीला पहली बार साथ आएंगे। पहले ‘आशिकी 3’ के नाम से जानी जाने वाली यह फिल्म, नए टाइटल के साथ मई 2026 में दस्तक देगी। संगीत और भावनाओं से भरपूर इस फिल्म में दोनों की केमेस्ट्री को लेकर फैंस में ज़बरदस्त उत्साह है।
राम चरण-जाह्नवी कपूर: एक्शन का नया धमाका
ग्लोबल स्टार राम चरण और जाह्नवी कपूर, बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी एक्शन-स्पोर्ट्स ड्रामा ‘पेड्डी’ में पहली बार दर्शकों को अपनी केमेस्ट्री का जलवा दिखाएंगे। फिल्म का पहला गाना रिलीज़ होते ही दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री की झलक लोगों को खूब पसंद आई है। यह फिल्म 27 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
रणबीर कपूर-साई पल्लवी: महाकाव्य की एक नई कहानी
नीतेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित पैन-इंडिया फिल्म ‘रामायण’ में रणबीर कपूर और साई पल्लवी पहली बार एक साथ नज़र आएंगे। जहां रणबीर भगवान राम की भूमिका निभाएंगे, वहीं साई पल्लवी माता सीता के रूप में दिखेंगी। यह फिल्म दो भागों में रिलीज़ होगी, जिसका पहला भाग दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में धूम मचाएगा।
इब्राहिम अली खान-श्रीलीला: युवा जोश का नया अध्याय
खेल पर आधारित फिल्म ‘दिलेर’ में इब्राहिम अली खान, श्रीलीला के साथ पहली बार स्क्रीन शेयर करेंगे। कायोज़ ईरानी के निर्देशन में बन रही यह फिल्म युवाओं के बीच पहले से ही चर्चा का विषय है। इस नई जोड़ी को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता देखी जा रही है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
