30,000 करोड़ की संपत्ति का झगड़ा: संजय कपूर के निधन के बाद प्रिया सचदेव पर लगे गंभीर आरोप, कोर्ट में खुलासे
मनोरंजन
लेखक: पूर्णिमा आचार्य
प्रकाशित: मंगलवार, 2 दिसंबर 2025, 15:38 [IST]
बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति और जाने-माने उद्योगपति संजय कपूर की 30,000 करोड़ रुपये की विशाल संपत्ति को लेकर चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। दिल्ली हाई कोर्ट में इस मामले की सुनवाई के दौरान कई ऐसे चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं, जिन्होंने सभी को हैरान कर दिया है।
रानी कपूर ने बहू प्रिया सचदेव पर लगाए गंभीर आरोप
संजय कपूर की मां, रानी कपूर ने अपनी बहू प्रिया सचदेव पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने न केवल प्रिया पर वार किया है, बल्कि अपनी पूर्व बहू करिश्मा कपूर और उनके बच्चों, समायरा और कियान, का पुरजोर समर्थन भी किया है।
कोर्ट में हुए कई चौंकाने वाले खुलासे
दिल्ली हाई कोर्ट में इस मामले पर हुई अहम सुनवाई में दिवंगत व्यवसायी संजय कपूर की कंपनियों और उनकी अकूत संपत्ति से जुड़े कई बड़े राज़ सामने आए हैं।
2023 में ही फर्म से हटाई गई थीं प्रिया सचदेव
- दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान यह जानकारी सामने आई कि संजय कपूर ने 31 मार्च 2023 को ही प्रिया सचदेव को उनकी सोना ग्रुप की होल्डिंग कंपनी AIPL से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। उन्होंने स्टेकहोल्डर्स को सूचित करते हुए कहा था कि कंपनी में कुछ बदलावों की आवश्यकता है, इसलिए यह निर्णय लिया गया।
- हालांकि, सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि संजय कपूर के निधन के सिर्फ 6 दिन बाद ही प्रिया सचदेव ने कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर के तौर पर AIPL पर अपना नियंत्रण स्थापित कर लिया। इसके अगले 11 दिनों के भीतर ही वह Sona BLW की डायरेक्टर भी बन गईं।
वसीयत की विश्वसनीयता पर उठे सवाल
- कोर्ट में यह तर्क भी पेश किया गया कि संजय कपूर का शव ब्रिटिश अधिकारियों से प्राप्त भी नहीं हुआ था, उससे पहले ही प्रिया सचदेव ने कंपनी के महत्वपूर्ण पदों पर अपना अधिकार जमा लिया था। इस हड़बड़ी ने वसीयत की विश्वसनीयता पर गंभीर शंकाएं पैदा कर दी हैं।
- इसके अलावा, यह भी कहा गया कि संजय कपूर की वसीयत में न तो उनकी मां रानी कपूर का नाम शामिल है और न ही उनकी पूर्व पत्नी करिश्मा कपूर के बच्चों का, जिससे संदेह और गहरा हो गया है।
- आपको बता दें कि गवाहों, दिनेश अग्रवाल और नितिन शर्मा की भूमिका पर भी कोर्ट में सवाल उठाए गए हैं। संजय कपूर की मां रानी कपूर का आरोप है कि गवाहों को परिवार जानता तक नहीं था।
प्रिया सचदेव के बताए गवाह पर हुआ संदेह
- रानी कपूर की ओर से पेश हुए वकील वैभव गग्गर ने कोर्ट में कहा, “रानी कपूर की अपने पति के साथ 40 साल की शादी रही है, जबकि संजय कपूर और प्रिया सचदेव का रिश्ता सिर्फ 7 साल पुराना है। हमारी वसीयत का गवाह वह व्यक्ति था, जिसे मेरे पति 30 साल से जानते थे, जबकि प्रिया सचदेव के बताए गवाह का कहना है कि वह साल 2022 से पहले कंपनी से जुड़ा ही नहीं था।”
- वकील ने यह भी स्पष्ट किया कि कपूर परिवार में प्रॉपर्टी पत्नी को सौंपने की कोई पारंपरिक प्रथा नहीं रही है, जैसा कि प्रिया सचदेव दावा कर रही हैं। सुनवाई में वकील वैभव गग्गर ने दावा किया कि प्रिया कपूर ने संजय कपूर की असली संपत्ति का ब्यौरा कोर्ट से छुपाया है और आशंका है कि करोड़ों रुपये विदेश भेजे गए हैं।
‘संजय कपूर की सालाना सैलरी 60 करोड़ रुपये थी’
- रानी कपूर ने कोर्ट में बताया, “संजय कपूर की सालाना सैलरी 60 करोड़ रुपये थी, लेकिन उनकी मौत के बाद उनके बैंक खाते में सिर्फ 1.7 करोड़ रुपये मिलने का दावा किया गया है।”
- जानकारी के अनुसार, दिल्ली के रजोकरी स्थित फार्महाउस, जिसे रानी कपूर के पति ने बनवाया था, वहां 50 से अधिक महंगी कलाकृतियां मौजूद हैं। संजय के नाम पर न तो कोई बड़ी बीमा पॉलिसी थी, न किराए की आय और न ही म्यूचुअल फंड का कोई रिकॉर्ड।
मामले की अगली सुनवाई 3 दिसंबर 2025 को होगी
इन सभी दलीलों और आरोपों के बाद, अदालत अब इस मामले की अगली सुनवाई आगामी 3 दिसंबर 2025 को करेगी, जहां इस संपत्ति विवाद पर और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


