सुशांत सिंह राजपूत की मौत: बहन के सनसनीखेज दावों ने फिर खड़ा किया सवालों का पहाड़!
नई दिल्ली: दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने अपने भाई की मौत को लेकर ऐसे दावे किए हैं, जिन्होंने एक बार फिर इस मामले में भूचाल ला दिया है। श्वेता का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या थी।
बहन श्वेता सिंह कीर्ति का चौंकाने वाला खुलासा:
हाल ही में पत्रकार शुभंकर मिश्रा के पॉडकास्ट शो में श्वेता सिंह कीर्ति ने बताया कि उन्हें दो मनोवैज्ञानिकों, जिनमें से एक अमेरिका और दूसरा मुंबई में कार्यरत है, ने सूचित किया था कि उनके भाई की हत्या दो व्यक्तियों ने की थी।
सुशांत सिंह राजपूत की मौत ने मचाया था हंगामा
जून 2020 में सुशांत सिंह राजपूत की असामयिक मृत्यु ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। इस मामले में मुंबई पुलिस, ईडी, एनसीबी और सीबीआई जैसी एजेंसियों द्वारा कई जांचें की गईं। हालांकि, सभी जांचों का निष्कर्ष यही था कि यह एक आत्महत्या का मामला है। लेकिन श्वेता सिंह कीर्ति के ताजा बयानों से लगता है कि वह इन निष्कर्षों से इत्तेफाक नहीं रखतीं।
श्वेता सिंह कीर्ति ने उठाए आत्महत्या के फैसले पर सवाल:
पॉडकास्ट में श्वेता ने कहा, “आत्महत्या कैसे हो सकती है? कमरे में पंखे और बिस्तर के बीच इतनी दूरी नहीं थी कि कोई लटक सके। पंखे और बिस्तर के बीच इतनी दूरी भी नहीं थी कि कोई अपने पैर लटका सके।” उन्होंने आगे कहा, “अगर आज आपको आत्महत्या करनी है तो आप स्टूल का इस्तेमाल करेंगे, है ना? अगर दूरी है, स्टूल का इस्तेमाल करोगे, स्टूल पर चढ़ोगे, उसको टाई करोगे। स्टूल जैसा कुछ नहीं था इस कमरे में।”
बहन श्वेता ने यह भी दावा किया, “अगर आप सुशांत की बॉडी देखते तो आपको उसके गले में फंदे का कोई निशान नहीं दिखता। उसके गले में वो दुपट्टे का निशान ही नहीं था। वो पतले से एक चेन टाइप का निशान था।”
श्वेता सिंह कीर्ति के साथ मनोचिकित्सकों ने संपर्क किया था:
श्वेता के अनुसार, उनके भाई की मौत के तुरंत बाद, एक पारिवारिक परिचित के माध्यम से अमेरिका की एक मनोचिकित्सक ने उनसे संपर्क किया था। उन्होंने बताया, “मुझे जिन लोगों ने संपर्क किया, मनोचिकित्सक, एक तो पहले एक अमेरिकी मनोचिकित्सक थीं। वह नहीं जानती थीं कि मैं कौन हूं, मेरा भाई कौन है, कुछ भी नहीं जानती थीं।”
श्वेता ने आगे कहा, “वह अमेरिकी थीं। उन्होंने कहा कि मेरे भाई का मर्डर हुआ है। दो लोग आए थे, जिन्होंने ये कांड किया था। वहीं श्वेता ने आगे कहा, मेरी एक गॉडमदर हैं जो गहन ध्यान, बहुत गहरी समाधि में चली जाती हैं। उन्होंने भी मुझे फोन किया था। उन्होंने भी मेरे भाई के मर्डर की ही बात कही।”
इसके अलावा, एक और मानसिक रोगी चिकित्सक ने भी उनसे संपर्क किया था। श्वेता के मुताबिक, वह भी सुशांत के बारे में कुछ नहीं जानते थे और उन्होंने भी वही कहा जो गॉडमदर ने कहा था। श्वेता ने आश्चर्य व्यक्त किया, “आप मुझे बताएं, दोनों एक ही बात कैसे कह सकते हैं? उन दोनों ने कहा कि दो लोग आए थे और उसकी हत्या कर दी थी।”
सीबीआई रिपोर्ट में गड़बड़ी की संभावना से इनकार:
इन नए दावों के बावजूद, सीबीआई की आधिकारिक क्लोजर रिपोर्ट में कहा गया है कि इस बात का कोई सबूत नहीं है कि सुशांत सिंह राजपूत को रिया चक्रवर्ती या किसी और ने अवैध रूप से बंधक बनाया, धमकाया या आत्महत्या के लिए उकसाया था। एजेंसी को इस बात का भी कोई संकेत नहीं मिला है कि रिया चक्रवर्ती ने दिवंगत एक्टर के पैसों का गबन किया था, बल्कि यह कहा गया है कि सुशांत अपनी गर्लफ्रेंड रिया को अपना परिवार मानते थे।
CBI की रिपोर्ट को नहीं मानता सुशांत सिंह राजपूत का परिवार:
हालांकि, सुशांत सिंह राजपूत के परिवार ने सीबीआई की रिपोर्ट के निष्कर्षों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनके वकील, एडवोकेट वरुण सिंह ने कहा, “यह एक दिखावा मात्र है।” वकील ने आगे कहा, “अगर सीबीआई सच सामने लाना चाहती थी तो उसे चैट, तकनीकी रिकॉर्ड, गवाहों के बयान, मेडिकल रिकॉर्ड आदि सहित मामले से जुड़े सभी दस्तावेज पेश करने चाहिए थे। हम इस क्लोजर रिपोर्ट के खिलाफ विरोध याचिका दायर करेंगे जो एक घटिया जांच पर आधारित है।”
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


