INDIA Bloc Rally Delhi: दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की ‘वोट बचाओ’ रैली के संपन्न होते ही सियासत का पारा चढ़ गया है। रैली के तुरंत बाद बीजेपी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी के तेज-तर्रार नेता और सांसद संबित पात्रा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रैली में उमड़ी भीड़ को लेकर कांग्रेस के तमाम दावों की हवा निकाल दी। पात्रा ने रामलीला मैदान की तस्वीरें और ड्रोन फुटेज दिखाते हुए दावा किया कि कांग्रेस का 10 लाख लोगों के जुटने का दावा पूरी तरह झूठा है। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल और पवन खेड़ा ने दावा किया था कि रैली में 10 लाख लोग पहुंचेंगे, लेकिन ज़मीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही थी। पात्रा ने तंज कसते हुए कहा, “रामलीला मैदान करीब 10 से 12 एकड़ में फैला है। मैदान का करीब 15 फीसदी हिस्सा स्टेज और उसके आगे बने डी-एरिया में चला गया।”
“मैदान का 40 फीसदी हिस्सा पूरी तरह खाली पड़ा था”
इसके बाद मैदान का 40 फीसदी हिस्सा पूरी तरह खाली पड़ा था। वहां न कुर्सियां थीं, न लोग।” बीजेपी नेता ने आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि मैदान में कुल 28 हजार कुर्सियां लगाई गई थीं, जिनमें से 5 से 7 हजार कुर्सियां खाली पड़ी थीं। वीडियो में जो सफेद हिस्सा दिखाई दे रहा है, वह असल में खाली कुर्सियां ही थीं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह वीडियो दोपहर साढ़े तीन से चार बजे के बीच का था, यानी वह समय जब रैली अपने चरम पर होनी चाहिए थी। आगे की तरफ कुछ लोग ज़रूर मौजूद थे, लेकिन पीछे और बीच का पूरा मैदान वीरान पड़ा था। पात्रा ने चुटकी लेते हुए कहा, “राहुल गांधी और कांग्रेस कह रही थी कि 10 लाख लोग आएंगे। कहां थे 10 लाख लोग, ज़रा हमें भी दिखाइए।”
“अगर वोट काट दिया तो लोग कहां गए, ये भी बताइए”
पात्रा ने आगे आक्रामक रुख अपनाते हुए कहा, “अगर वोट काट दिया तो लोग कहां गए, यह भी बताइए। आपको यह देखना चाहिए कि कितने लोग नहीं आए और कितने लोग कहीं और चले गए।” इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को भी आड़े हाथों लिया। दरअसल, राहुल गांधी ने रैली में आए लोगों से चांदनी चौक जाकर खरीदारी करने की अपील की थी। इस पर पलटवार करते हुए पात्रा ने तंज कसा, “राहुल गांधी ने लोगों से खरीदारी करने को कहा। क्या वह खुद कभी चांदनी चौक में खरीदारी करेंगे? वह तो छुट्टियां मनाने वियतनाम और थाईलैंड जाते हैं।” गौरतलब है कि आज ही INDIA ब्लॉक ने दिल्ली के रामलीला मैदान में वोटर लिस्ट में SIR के मुद्दे को लेकर यह महा-रैली आयोजित की थी, जिसमें राहुल गांधी, ममता बनर्जी और अखिलेश यादव समेत कई दिग्गजों ने शिरकत की थी।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


