सिंधिया का आह्वान: जीएसटी के लाभ हर नागरिक तक पहुंचाएं!

By
Aware Media Network
Aware Media Network एक स्वतंत्र डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो देश-दुनिया की महत्वपूर्ण खबरें, विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारी...
- News Desk
7 Min Read
"सिंधिया का आह्वान: जीएसटी के लाभ हर नागरिक तक पहुंचाएं!"
क्षेत्र के जन-जन तक पहुंचाए जाएं जीएसटी बचत के लाभः सिंधिया

जनसेवा के संकल्प में जुटा गुना: सिंधिया की वर्चुअल बैठक में ‘सेवा पखवाड़ा’ और ‘जीएसटी बचत उत्सव’ को जन-जन तक पहुँचाने की रणनीति

नई दिल्ली/गुना/अशोकनगर/शिवपुरी: देश के संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री और गुना के सांसद, ज्योतिरादित्य सिंधिया, ने मंगलवार को नई दिल्ली से गुना संसदीय क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक की। इस बैठक में अशोकनगर, शिवपुरी के विधायक, जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्षों सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। इस महत्वपूर्ण आयोजन का मुख्य उद्देश्य 22 से 29 सितंबर तक चलने वाले ‘सेवा पखवाड़ा’ और ‘जीएसटी बचत उत्सव’ के लाभों को जन-जन तक पहुँचाना था।

नवरात्रि की सौगात: जीएसटी दरों में सुधार का लाभ जनता तक

सिंधिया ने नवरात्रि के पावन अवसर पर देश को मिली जीएसटी दरों में सुधार की सौगात को गुना क्षेत्र की जनता तक पहुँचाने की योजनाओं पर गहन चर्चा की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इन लाभों की जानकारी आम जनता तक पहुँचनी चाहिए और स्वदेशी सामानों की खरीद के प्रति जागरूकता फैलाई जानी चाहिए।

‘सेवा पखवाड़ा’: सेवा, समाज कल्याण और जनजागरण का महाआयोजन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से प्रारंभ हुए ‘सेवा पखवाड़ा’ को प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए सेवा, समाज कल्याण और जनजागरण का अनमोल अवसर बताते हुए, केन्द्रीय मंत्री ने जिला अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को प्रतिदिन के कार्यक्रम की विस्तृत योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं की टोली बनाने और हर टोली का नेतृत्व वरिष्ठ कार्यकर्ताओं द्वारा किए जाने पर ज़ोर दिया। इन टीमों को विधानसभा, ब्लॉक, तहसील, पंचायत और गाँव-गाँव के हर वार्ड तक पहुँचकर निर्धारित समय-सीमा में कार्यक्रमों को संपन्न करना होगा। साथ ही, प्रत्येक टोली को अपने कार्यों की रिपोर्ट और तस्वीरें नियमित रूप से साझा करनी होंगी, ताकि ‘सेवा पखवाड़ा’ को एक संगठित और परिणामकारी अभियान बनाया जा सके।

विशेष शिविरों का आयोजन: स्वास्थ्य, स्वच्छता और जनकल्याण पर जोर

‘सेवा पखवाड़ा’ के दौरान स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण, जनकल्याण योजनाओं के प्रचार-प्रसार, सामाजिक सेवा और जनजागरूकता पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें ब्लड टेस्ट, बीपी, शुगर आदि की जाँच की जाएगी। रक्तदान शिविरों का भी आयोजन होगा और प्रत्येक शिविर में दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर व अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। स्वच्छता अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों की सफाई की जाएगी और प्लास्टिक मुक्त अभियान को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा। वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के लिए भी जिले स्तर पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण की अपील की गई। बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन और उपलब्धियों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें चित्र प्रदर्शनी, भाषण प्रतियोगिता, निबंध लेखन, संगोष्ठी और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ विषय पर चर्चा शामिल होगी।

जन-जन तक पहुँचेंगी जनकल्याणकारी योजनाएं

गुना सांसद ने जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर भी विशेष ज़ोर दिया। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता को यह सुनिश्चित करने की ज़िम्मेदारी सौंपी कि उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजना, किसान सम्मान निधि, स्वनिधि योजना, मुद्रा लाभ और विश्वकर्मा योजना जैसी केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी हर घर तक पहुँचे और पात्र व्यक्तियों को इन योजनाओं का लाभ मिले।

डिजिटल सशक्तिकरण का अभियान: ‘फिट इंडिया’ और ‘योग’ पर भी ध्यान

क्षेत्र की जनता को डिजिटल सेवाओं के प्रति जागरूक और प्रशिक्षित करने के निर्देश देते हुए, सिंधिया ने पदाधिकारियों को जनधन खाता खुलवाने, आधार लिंकिंग और डिजिटल पेमेंट से जुड़ी जानकारी से लोगों को प्रशिक्षित करने को कहा। इसके साथ ही, ‘फिट इंडिया’ और ‘योग’ कार्यक्रमों के तहत सामूहिक योग शिविर, साइक्लोथॉन, वॉकथॉन और ‘रन फॉर सेवा’ जैसे आयोजनों की भी योजना बनाई गई। संसदीय क्षेत्र में ‘सेवा पखवाड़ा’ के शुभारंभ और समापन पर रैली और प्रभात फेरी निकालने तथा ‘स्वच्छता ही सेवा है’ जैसे नारे लगाए जाने की बात भी कही गई। इन सभी गतिविधियों को सोशल मीडिया पर #SevaPakhwada और #SevaHiSangathan जैसे हैशटैग के साथ साझा करने के निर्देश दिए गए।

‘जीएसटी बचत उत्सव’: जन-जन को उपहार, व्यापारियों को राहत

बैठक में जीएसटी सुधारों पर विस्तार से चर्चा करते हुए, केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि ऐतिहासिक जीएसटी सुधारों ने देश की कर प्रणाली को सरल, पारदर्शी और जनहितैषी बनाया है। इससे व्यापारियों का करों का बोझ कम हुआ है, उपभोक्ताओं को वस्तुएं किफायती दामों पर मिल रही हैं और राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि ‘जीएसटी बचत उत्सव’ को जन-जन तक पहुँचाने के लिए जिले भर में व्यापक अभियान चलाया जाए। कार्यकर्ता टोली बनाकर प्रतिदिन बाजारों में पदयात्रा करें, दुकानदारों से मिलें और जीएसटी सुधारों की जानकारी दें। नुक्कड़ नाटक, चौपाल और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से जीएसटी के लाभों को गाँव-गाँव तक पहुँचाया जाएगा। ‘जीएसटी बचत उत्सव’ के अंतर्गत जिला मुख्यालय स्तर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें अभियान की प्रगति और उपलब्धियों को साझा किया जाएगा। व्यापारियों के बीच “गर्व से कहो यह स्वदेशी है” स्लोगन वाले बोर्ड वितरित किए जाएंगे और दुकानदारों से आग्रह किया जाएगा कि वे इन्हें अपनी दुकानों पर लगाएं।

किसानों को विशेष लाभ: 5% जीएसटी के साथ ट्रैक्टर और कृषि उपकरण

सिंधिया ने किसानों को विशेष लाभ देने के लिए अब ट्रैक्टर्स, ट्रैक्टर टायर्स, ड्रिप इरिगेशन सिस्टम और स्प्रिंकलर्स पर सिर्फ 5% जीएसटी लगाए जाने की जानकारी दी। उन्होंने स्वदेशी सामान खरीदने पर जोर दिया, जो भारतीय युवाओं की मेहनत और पसीने से बने हों। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि जीएसटी ने पहले के दर्जनों टैक्स और जटिल नियमों को समाप्त कर व्यापारियों को बड़ी राहत दी है, जिससे शहर से शहर माल भेजना अब अधिक सरल और किफायती हो गया है।

बैठक के अंत में, ज्योतिरादित्य सिंधिया ने विश्वास व्यक्त किया कि इन अभियानों के माध्यम से समृद्ध भारत, सशक्त किसान और स्वदेशी भारत की परिकल्पना साकार होगी।


Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Share This Article
Follow:
Aware Media Network एक स्वतंत्र डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो देश-दुनिया की महत्वपूर्ण खबरें, विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारी संपादकीय टीम विश्वसनीय स्रोतों, आधिकारिक आंकड़ों और पत्रकारिता के नैतिक सिद्धांतों के आधार पर समाचार तैयार करती है।Aware Media Network का उद्देश्य निष्पक्ष, सटीक और समय पर जानकारी प्रदान करना है, ताकि पाठक जागरूक निर्णय ले सकें और समसामयिक घटनाओं को बेहतर ढंग से समझ सकें।
कोई टिप्पणी नहीं

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *