असम के गायक जुबिन गर्ग की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। मुख्य आरोपियों में से एक श्यामकानु महंत और गायक के अंगरक्षक नंदेश्वर बोरा ने शनिवार को जमानत के लिए अर्जी दायर की है। यह जानकारी खुद जुबिन गर्ग की पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग ने दी है, जो कामरूप महानगर जिला एवं सत्र न्यायालय में सुनवाई के बाद मीडियाकर्मियों से रूबरू हुईं।
गरिमा ने अपनी बात रखते हुए कहा कि उनके पति की मौत के वक्त नौका पर मौजूद सभी लोगों की जांच होनी चाहिए और उन्हें असम सरकार की जांच के दायरे में लाया जाना चाहिए। बता दें कि जुबिन गर्ग की पिछले साल 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई थी। वह वहां पूर्वोत्तर भारत महोत्सव (एनईआईएफ) के चौथे संस्करण में भाग लेने गए थे, जिसके मुख्य आयोजक महंत थे। असम सरकार द्वारा गठित विशेष जांच समिति (एसआईटी) ने इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने इसे हत्या करार दिया है।
दूसरी ओर, सिंगापुर पुलिस ने इस मामले में किसी भी तरह की साजिश से इनकार किया है। बुधवार को अदालत को बताया गया कि लोकप्रिय भारतीय गायक-गीतकार नशे में धुत थे और उन्होंने लाइफ जैकेट पहनने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद वह लाजरस द्वीप के पास डूब गए थे।
कोर्ट में हुई इस कार्यवाही के बाद गर्ग की पत्नी गरिमा ने कहा, “आज (शनिवार को) दो अन्य आरोपियों ने जमानत याचिकाएं दायर कीं, जिसके बाद जमानत अर्जी दाखिल करने वाले लोगों की कुल संख्या पांच हो गई है। इस बार श्यामकानु महंत और नंदेश्वर बोरा ने जमानत के लिए अर्जी दायर की है।” इससे पहले संदीपान गर्ग, अमृत प्रभा महंत और प्रबीन बैश्य ने जमानत के लिए अर्जी दायर की थी।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


