गोरखपुर: विश्व हृदय दिवस पर फातिमा कॉलेज ने फहराया जागरूकता का परचम, ‘Don’t Miss a Beat’ थीम पर कार्यक्रम
फातिमा कॉलेज ऑफ नर्सिंग, गोरखपुर ने ‘विश्व हृदय दिवस’ के उपलक्ष्य में फातिमा हॉस्पिटल के ओपीडी क्षेत्र में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन कर लोगों को हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। इस वर्ष की थीम “Don’t Miss a Beat” के साथ, कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हृदय स्वास्थ्य के प्रति समय पर जागरूकता, रोकथाम और देखभाल के महत्व को रेखांकित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण और प्रार्थना गीत के साथ हुई। बी.एससी. तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने हृदय स्वास्थ्य पर एक प्रभावशाली पीपीटी प्रस्तुति दी, जिसमें रोकथाम के उपायों और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व पर प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नाट्य प्रस्तुति (स्किट) ने अस्वास्थ्यकर आदतों के खतरों और समय पर इलाज की आवश्यकता को सरल और मनोरंजक ढंग से प्रदर्शित किया।
डॉ. लोकेश कुमार गुप्ता, कार्डियोलॉजिस्ट (MBBS, MD, DM) ने अपने विस्तृत एवं प्रेरणादायी भाषण में कहा कि आज की तेज रफ्तार जीवनशैली में हृदय रोगों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने हृदय को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित आहार, जैसे हरी सब्जियां, फल, कम तेल व कम नमक वाले भोजन को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि नियमित व्यायाम, जैसे तेज चाल से चलना, योग, और हल्के खेल गतिविधियां हृदय की कार्यक्षमता को बेहतर बनाती हैं।
उन्होंने विशेष रूप से तनाव प्रबंधन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अनावश्यक तनाव और मानसिक दबाव हृदय के लिए घातक हो सकता है। इसके लिए ध्यान, प्रार्थना और परिवार के साथ समय बिताना बेहद जरूरी है। डॉ. लोकेश ने धूम्रपान और मद्यपान जैसी बुरी आदतों से बचने की अपील की और कहा कि ये हृदय रोगों के सबसे बड़े कारणों में से एक हैं। उन्होंने उपस्थित सभी को यह संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया कि वे स्वयं हृदय को स्वस्थ रखने के साथ-साथ दूसरों को भी जागरूक करेंगे।
इस कार्यक्रम में अस्पताल की नर्सिंग अधीक्षक, समस्त विभागाध्यक्ष, डॉक्टर्स, स्टाफ, मरीज बंधु एवं उनके साथी आदि उपस्थित रहे।
१९९५ में स्थापित, फातिमा हॉस्पिटल की सेवाएं प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PMJAY), भूतपूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ECHS), पूर्वोत्तर रेलवे, एच.ए.एल., एन.टी.पी.सी., भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI), गोरखपुर एवं मा. मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष, उत्तर प्रदेश आदि से इम्पैनल्ड हैं। अस्पताल में २४ घंटे इमरजेंसी सेवा, ब्लड बैंक, फार्मेसी एवं एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


