आपके शरीर के अनजाने संकेत: क्या आपका हार्मोनल संतुलन बिगड़ रहा है?
हमारा शरीर एक जटिल तंत्र है, जो हार्मोन के नाजुक संतुलन पर निर्भर करता है। जब यह संतुलन बिगड़ता है, तो शरीर अजीबोगरीब प्रतिक्रियाएं दे सकता है, जिनकी वजह समझ पाना अक्सर मुश्किल होता है। खाने-पीने की आदतों से लेकर नींद तक, हार्मोनल असंतुलन हमारे जीवन के कई पहलुओं को प्रभावित कर सकता है।
आमतौर पर, हार्मोनल असंतुलन को मूड स्विंग्स या अचानक वजन बढ़ने से जोड़ा जाता है। लेकिन, यह केवल ऊपरी संकेत हैं। ऐसे कई सूक्ष्म संकेत हैं जिन्हें अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है, और उन्हें तनाव, खान-पान या बढ़ती उम्र का परिणाम मान लिया जाता है। हालांकि, इन्हें हल्के में लेना आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
आइए, जानते हैं उन संकेतों के बारे में जो आपके शरीर में हार्मोनल गड़बड़ी की ओर इशारा कर सकते हैं:
रात में बार-बार नींद टूटना:
यदि आपकी नींद रात में 2-3 बजे के आसपास टूट जाती है और दोबारा सो पाना मुश्किल हो जाता है, तो यह हार्मोनल असंतुलन का संकेत हो सकता है। प्रोजेस्टेरोन की कमी या कोर्टिसोल (तनाव हार्मोन) के स्तर में वृद्धि इसके पीछे के कारण हो सकते हैं। एक शोध के अनुसार, महिलाओं में प्रोजेस्टेरोन की कमी नींद संबंधी समस्याओं का एक प्रमुख कारण है।
ध्यान भटकना और भूलने की समस्या:
अगर आपको किसी भी काम पर ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई हो रही है या आप अक्सर बातें भूलने लगी हैं, तो यह एस्ट्रोजन या थायरॉइड हार्मोन की कमी का परिणाम हो सकता है। एस्ट्रोजन मस्तिष्क की कार्यक्षमता और याददाश्त को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, जबकि थायरॉइड ऊर्जा और मेटाबॉलिज्म को नियंत्रित करता है। जब ये हार्मोन असंतुलित होते हैं, तो मानसिक स्पष्टता कम हो जाती है।
जोड़ों में दर्द या जकड़न:
हालांकि उम्र बढ़ने के साथ जोड़ों में दर्द आम है, लेकिन अगर आपको बिना किसी स्पष्ट कारण के घुटनों, कंधों या कमर में दर्द या अकड़न महसूस होती है, तो यह एस्ट्रोजन के स्तर में कमी का संकेत हो सकता है। एस्ट्रोजन हड्डियों और जोड़ों के लचीलेपन को बनाए रखने में मदद करता है। इसकी कमी से दर्द और अकड़न की समस्या हो सकती है।
बालों का झड़ना या अनचाहे बालों का उगना:
यदि आपके चेहरे या शरीर पर अत्यधिक बाल उगने लगे हैं या आपके सिर के बाल तेजी से झड़ रहे हैं, तो यह एंड्रोजन (पुरुष हार्मोन) के उच्च स्तर या एस्ट्रोजन के निम्न स्तर का संकेत हो सकता है। एंड्रोजन का बढ़ना चेहरे और शरीर पर बालों के विकास को उत्तेजित करता है, जबकि सिर के बालों को पतला कर सकता है।
- मिताली जैन
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


