रामचरितमानस: अध्याय 36 का सार

By
Aware Media Network
Aware Media Network एक स्वतंत्र डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो देश-दुनिया की महत्वपूर्ण खबरें, विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारी...
- News Desk
6 Min Read
रामचरितमानस: अध्याय 36 का सार
ramcharitmanas know what happened in part 36

शिव-पार्वती विवाह: एक दिव्य मिलन का अनुपम वर्णन

जय श्री राम!

शुभमस्तु सर्वदा!
पुण्य, पाप नाशक, सदा शिव, विज्ञान और भक्ति का दाता, माया-मोह को दूर करने वाला, निर्मल, प्रेम का सागर, शुभ श्री रामचरित्रमानस का सेवन करने वाले मनुष्य संसार-रूपी सूर्य की भयंकर किरणों से कभी नहीं जलते।

शिवजी का शुभ विवाह

दोहा
मुनियों की आज्ञा का पालन करते हुए, शिव-पार्वती ने गणेशजी का पूजन किया। हे श्रोतागण, इस प्रसंग को सुनकर कोई मन में शंका न करें, क्योंकि देवता तो अनादि हैं, यह सबको ज्ञात है।

चौपाई
जिस प्रकार वेदों में विवाह की विधि बताई गई है, महामुनियों ने उन सभी रीतियों को पूर्ण किया। हिमाचल ने, कन्या का हाथ पकड़कर और कुश को हाथ में लेकर, भवानी को शिव की अर्धांगिनी के रूप में शिवजी को समर्पित किया।

इसे भी पढ़ें: ज्ञान गंगा: रामचरितमानस – जानिए भाग-35 में क्या हुआ

जब शिवजी ने पार्वती का पाणिग्रहण किया, तब समस्त देवगणों के हृदय आनंद से भर उठे। श्रेष्ठ मुनिगण वेदमंत्रों का उच्चारण कर रहे थे और देवगण “जय जय शंकर!” का उद्घोष कर रहे थे।

असंख्य प्रकार के वाद्य यंत्र बजने लगे। आकाश से विविध प्रकार के पुष्पों की वर्षा हुई। इस प्रकार शिव-पार्वती का विवाह संपन्न हुआ और संपूर्ण ब्रह्मांड आनंद से भर गया।

दासियों, दासों, घोड़ों, रथों, हाथियों, गायों, वस्त्रों और मणियों से युक्त अनेक प्रकार की सामग्रियाँ, अन्न तथा स्वर्ण के पात्र दहेज में दिए गए, जिनका वर्णन करना संभव नहीं है।

छन्द
बहुधा दहेज देने के उपरांत, हिमवान्‌ ने हाथ जोड़कर कहा – “हे शंकर! आप पूर्णकाम हैं, मैं आपको क्या दे सकता हूँ?” इतना कहकर वे शिवजी के चरणकमलों में लीन हो गए। तब कृपा के सागर शिवजी ने अपने ससुर को हर प्रकार से संतुष्ट किया। फिर मैनाजी ने प्रेम से परिपूर्ण हृदय से शिवजी के चरणकमलों को पकड़कर कहा –

दोहा
“हे नाथ! उमा मुझे अपने प्राणों के समान प्रिय है। आप इसे अपनी गृह-दासी के समान समझें और इसके सभी अपराधों को क्षमा करें। अब आप प्रसन्न होकर मुझे यही वरदान दें।”

चौपाई
शिवजी ने अपनी सास (मैनाजी) को अनेक प्रकार से समझाया। तब उन्होंने शिवजी के चरणों में सिर नवाकर घर प्रस्थान किया। इसके पश्चात्‌ माता (मैनाजी) ने पार्वती को अपने पास बुलाया और गोद में बिठाकर सुंदर उपदेश दिया –

“हे पुत्री! तू सदा शिवजी के चरणों की पूजा करना। नारी का यही धर्म है कि पति ही उसके लिए देवता हैं, कोई अन्य नहीं।” ऐसा कहते-कहते उनकी आँखों में आँसू आ गए और उन्होंने अपनी प्रिय पुत्री को हृदय से लगा लिया।

“विधाता ने स्त्री जाति को इस संसार में क्यों उत्पन्न किया? पराधीन को तो सपने में भी सुख नहीं मिलता।” यों कहती हुई माता प्रेम में अत्यंत विकल हो गईं, परन्तु समय की नजाकत को समझकर उन्होंने धीरज धरा।

मैनाजी बार-बार मिलती हैं और पार्वती के चरणों को पकड़कर गिर पड़ती हैं। उनका प्रेम इतना अधिक है कि उसका वर्णन नहीं किया जा सकता। पार्वतीजी सब स्त्रियों से मिलकर फिर अपनी माता के हृदय से जा लिपटीं।

छन्द
माता से पुनः मिलकर, पार्वती चलीं, सबने उन्हें योग्य आशीर्वाद दिए। पार्वती बार-बार अपनी माता की ओर देखती जाती थीं। तब सखियाँ उन्हें शिवजी के पास ले गईं। शिवजी ने सभी याचकों को संतुष्ट किया और पार्वती के साथ कैलास को प्रस्थान किया। सब देवता प्रसन्न होकर फूलों की वर्षा करने लगे और आकाश में सुंदर नगाड़े बजने लगे।

दोहा
तब हिमवान्‌ अत्यन्त प्रेम से शिवजी को पहुँचाने के लिए साथ चले। वृषकेतु (शिवजी) ने उन्हें बहुत प्रकार से संतोष कराकर विदा किया।

चौपाई
पर्वतराज हिमाचल तुरंत अपने घर लौट आए और उन्होंने सभी पर्वतों और सरोवरों को एकत्रित किया। हिमाचल ने आदर, दान, विनय और परम सम्मान के साथ सबकी विदाई की।

जब शिवजी कैलास पर्वत पर पहुँचे, तब सभी देवता अपने-अपने लोकों को चले गए। (तुलसीदासजी कहते हैं कि) शिव-पार्वती जगत के माता-पिता हैं, इसलिए मैं उनके श्रृंगार का वर्णन नहीं करता।

शिव-पार्वती विविध प्रकार के भोग-विलास करते हुए अपने गणों सहित कैलास पर निवास करने लगे। वे नित्य नए-नए विहार करते थे। इस प्रकार बहुत समय व्यतीत हो गया।

तब षडानन (कार्तिकेय) का जन्म हुआ, जिन्होंने बड़े होकर युद्ध में तारकासुर का वध किया। आगम, निगम और पुराणों में षडानन के जन्म की कथा प्रसिद्ध है और सारा संसार इसे जानता है।

छन्द
षडानन के जन्म, कर्म, प्रताप और महान पुरुषार्थ को सारा संसार जानता है, इसलिए मैंने वृषकेतु (शिवजी) के पुत्र का चरित्र संक्षेप में ही कहा है। जो स्त्री-पुरुष इस उमा-शिव विवाह की कथा को कहेंगे और गाएंगे, वे कल्याण के कार्यों, विवाह आदि मंगलों में सदा सुख प्राप्त करेंगे।

शेष अगले प्रसंग में…………………….

राम रामेति रामेति, रमे रामे मनोरमे।
सहस्रनाम तुल्यं, रामनाम वरानने॥


Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Share This Article
Follow:
Aware Media Network एक स्वतंत्र डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो देश-दुनिया की महत्वपूर्ण खबरें, विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारी संपादकीय टीम विश्वसनीय स्रोतों, आधिकारिक आंकड़ों और पत्रकारिता के नैतिक सिद्धांतों के आधार पर समाचार तैयार करती है।Aware Media Network का उद्देश्य निष्पक्ष, सटीक और समय पर जानकारी प्रदान करना है, ताकि पाठक जागरूक निर्णय ले सकें और समसामयिक घटनाओं को बेहतर ढंग से समझ सकें।
कोई टिप्पणी नहीं

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *