पेरिस ओलंपिक 2024 के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट अमन सेहरावत पर भारतीय कुश्ती महासंघ का एक साल का प्रतिबंध!
भारतीय कुश्ती जगत में एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। पेरिस ओलंपिक 2024 में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले पहलवान अमन सेहरावत मुश्किल में पड़ गए हैं। भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने उन पर एक साल का प्रतिबंध लगा दिया है।
यह प्रतिबंध हाल ही में क्रोएशिया के जाग्रेब में आयोजित सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप के दौरान हुई एक घटना के कारण लगाया गया है। 57 किलोग्राम वर्ग में प्रतिस्पर्धा कर रहे अमन सेहरावत का वजन तय सीमा से 1.7 किलोग्राम अधिक पाया गया था, जिसके चलते उन्हें प्रतियोगिता से डिस्क्वालीफाई कर दिया गया था। इस नियम उल्लंघन के आरोप में अब उनके ऊपर यह कड़ी कार्रवाई की गई है।
इस प्रतिबंध के चलते अमन अगले साल जापान में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे, जो 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होने वाले हैं। यह भारतीय खेल इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि किसी ओलंपिक पदक विजेता को उनके अपने ही राष्ट्रीय महासंघ द्वारा प्रतिबंधित किया गया हो। उनका यह निलंबन 23 सितंबर 2025 से 22 सितंबर 2026 तक प्रभावी रहेगा। यह ओलंपिक पदक विजेता और दो बार के जूनियर वर्ल्ड चैंपियन अमन सेहरावत के करियर के लिए एक बहुत बड़ा झटका है।
भारतीय कुश्ती महासंघ ने एक आधिकारिक पत्र के माध्यम से इस प्रतिबंध की पुष्टि की है। पत्र में कहा गया है, “आपको कारण बताओ नोटिस की तिथि से एक साल की अवधि के लिए राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती से जुड़ी सभी गतिविधियों से निलंबित कर दिया गया है।” महासंघ ने आगे स्पष्ट किया कि यह निर्णय अंतिम है और निलंबन की अवधि के दौरान अमन डब्ल्यूएफआई द्वारा आयोजित या स्वीकृत किसी भी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय गतिविधि में भाग लेने या उससे जुड़ने से प्रतिबंधित रहेंगे।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
