नॉर्वे शतरंज: गुकेश और प्रज्ञाननंदा का धमाकेदार आगाज, कार्लसन की चौंकाने वाली हार
नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में भारतीय सितारों का दबदबा देखने को मिला। विश्व चैंपियन डी गुकेश ने विन्सेंट कीमर के खिलाफ 144 चालों के एक थका देने वाले और बेहद तनावपूर्ण ‘मैराथन’ मुकाबले के बाद रोमांचक जीत दर्ज की। वहीं, आर प्रज्ञाननंदा ने अमेरिकी दिग्गज वेस्ली सो को मात दी। हालांकि, टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन की हार रही। गुकेश ने करीब पांच घंटे के संघर्ष के बाद आर्मागेडन (टाईब्रेक) में बाजी मारते हुए 1.5 अंक हासिल किए, जबकि क्लासिकल मुकाबला ड्रॉ रहने के कारण कीमर को महज एक अंक से संतोष करना पड़ा। इस लंबी जंग के अंतिम क्षणों में गुकेश थोड़े नर्वस जरूर दिखे, लेकिन टाईब्रेक में उन्होंने कीमर को संभलने का मौका नहीं दिया।
प्रज्ञाननंदा और वेस्ली सो के बीच भी क्लासिकल बाजी बराबरी पर छूटी, लेकिन आर्मागेडन में भारतीय युवा खिलाड़ी ने अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए शानदार जीत हासिल की। हालांकि, दिनभर शतरंज जगत में सबसे ज्यादा चर्चा अलीरेजा फिरोजा के हाथों कार्लसन की हार की रही। कार्लसन ने मैच के बड़े हिस्से में अपनी पकड़ मजबूत रखी थी, लेकिन समय के दबाव में उनसे एक बड़ी चूक हो गई। फ्रांसीसी ग्रैंडमास्टर फिरोजा ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया और तीन अंक बटोरकर सीधे अंक तालिका के शीर्ष पर पहुंच गए।
इस जीत के साथ 10 दौर की इस प्रतियोगिता में फिरोजा 3 अंकों के साथ शुरुआती बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं, गुकेश और प्रज्ञाननंदा 1.5-1.5 अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर काबिज हैं। वेस्ली सो और कीमर के पास एक-एक अंक है, जबकि चैंपियन कार्लसन का खाता खुलना अभी बाकी है।
महिला वर्ग में भी मुकाबले बेहद दिलचस्प रहे। बिबिसारा असाउबायेवा ने भारत की कोनेरू हम्पी को क्लासिकल राउंड में ही पराजित कर दिया। वहीं, मौजूदा चैंपियन अन्ना मुज़िचुक को झू जिनर ने आर्मागेडन टाईब्रेक में पटखनी दी। भारत की दिव्या देशमुख ने भी अपने खेल से सबको प्रभावित किया और महिला विश्व चैंपियन जू वेनजुन के खिलाफ आर्मागेडन में अद्भुत प्रदर्शन करते हुए शानदार जीत अपने नाम की।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


