विश्व तीरंदाजी में किश्तवाड़ की बेटी का कमाल: शीतल देवी ने जीता स्वर्ण, सीएम उमर अब्दुल्ला ने थपथपाई पीठ
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को पैरा-तीरंदाज शीतल देवी की ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें विश्व तीरंदाजी पैरा सीरीज 2026 (तीसरे चरण) में स्वर्ण पदक जीतने पर हार्दिक बधाई दी। मुख्यमंत्री ने इस जीत को पूरे देश के लिए एक गौरवशाली क्षण बताया। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए साझा किया कि शीतल ने महिला कंपाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा में ‘सोना’ और मिश्रित टीम स्पर्धा में ‘कांस्य’ पदक जीतकर तिरंगे का मान बढ़ाया है। उन्होंने शीतल को भविष्य की सभी प्रतियोगिताओं में इसी तरह निरंतर सफलता पाने के लिए अपनी शुभकामनाएं भी दीं।
अहमदाबाद में आयोजित इस विश्व तीरंदाजी पैरा सीरीज में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाली 19 वर्षीय शीतल देवी, जम्मू संभाग के किश्तवाड़ जिले की रहने वाली हैं। उन्होंने कंपाउंड महिला फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना पहला व्यक्तिगत स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनकी अटूट मेहनत को दर्शाती है, बल्कि खेल जगत में एक नया कीर्तिमान भी स्थापित करती है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


