वैशाली रमेशबाबू ने फिडे ग्रैंड स्विस में रचा इतिहास, कैंडिडेट्स में बनाई जगह!
भारतीय महिला शतरंज की दुनिया में एक नया अध्याय लिखा गया है। ग्रैंडमास्टर वैशाली रमेशबाबू ने सोमवार को फिडे ग्रैंड स्विस टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया है। पूर्व महिला वर्ल्ड चैंपियन टैन झोंगयी के खिलाफ अपना अंतिम गेम ड्रॉ खेलकर उन्होंने यह ऐतिहासिक जीत हासिल की। यह पहली बार है जब किसी खिलाड़ी ने इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को दो बार जीता है, और यह उपलब्धि वैशाली को शतरंज की दुनिया में एक खास मुकाम दिलाती है।
इस शानदार जीत के साथ, वैशाली ने प्रतिष्ठित कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए भी अपना टिकट पक्का कर लिया है। वह कोनेरू हम्पी और दिव्या देशमुख के बाद कैंडिडेट्स के लिए क्वालीफाई करने वाली तीसरी भारतीय महिला खिलाड़ी बनकर देश का गौरव बढ़ाया है।
वैशाली की इस अभूतपूर्व सफलता पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें x (पूर्व में ट्विटर) पर बधाई दी है। पीएम मोदी ने लिखा, “शानदार उपलब्धि। वैशाली रमेशबाबू को बधाई। उनका जुनून और समर्पण अनुकरणीय है। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।”
भाई और ग्रैंड मास्टर प्रज्ञानानंद भी अपनी बहन की इस उपलब्धि पर बेहद खुश हैं। प्रज्ञानानंद ने x पर पोस्ट करते हुए लिखा, “अक्का मुझे आप पर गर्व है। फिडे महिला ग्रैंड स्विस जीतना एक अविश्वसनीय उपलब्धि है। पूरे टूर्नामेंट में तुमने जो आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प दिखाया है वह वाकई प्रेरणादायक है। इस शानदार जीत के लिए बहुत-बहुत बधाई।”
वहीं, ओपन सेक्शन में भारतीय स्टार खिलाड़ी अर्जुन एरिगैसी का सफर कैंडिडेट्स में जगह बनाने से पहले ही समाप्त हो गया। विन्सेंट केमर के साथ उनका अंतिम गेम ड्रॉ रहा, जिससे वह कैंडिडेट्स में स्थान पाने से चूक गए। इस सेक्शन से अनीश गिरी और जर्मन ग्रैंडमास्टर मैथियास ब्लूबाम ने कैंडिडेट्स के लिए क्वालीफाई किया है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


